October 13, 2026
13 oct 2
  • बच्चों का गुल्लक भी नहीं छोड़ा

हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : यमुनानगर के गांधी नगर कॉलोनी में चोरों ने बंद मकान को निशाना बनाते हुए सोने के गहने और नकदी चोरी कर ली। परिवार 6 दिन पहले अपने पुश्तैनी घर उत्तर प्रदेश गया था। वापस लौटने पर घर के अंदर सामान बिखरा पड़ा था। जांच करने पर सोने का गले का सेट, दो चेन, पति-पत्नी की अंगूठियां और बच्चों की गुल्लक से नकदी गायब मिली।

महिला ने आसपास तलाश की, लेकिन चोरों का कोई सुराग नहीं लगा। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और सीन ऑफ क्राइम टीम को बुलाया गया। शिकायत पर गांधी नगर थाना पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

यूपी में बीमार मां से मिलने गए थे

गांधी नगर कॉलोनी निवासी शशिकला ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह 6 अक्टूबर को सुबह करीब 10 बजे अपने पति रजनीश और छोटी बेटी स्नेहा के साथ उत्तर प्रदेश के अंबेडकर नगर जिले के जहांगीरगंज थाना क्षेत्र स्थित अपने पुश्तैनी गांव गई थी।

शशिकला ने बताया कि उसकी मां की तबियत काफी खराब थी, इसलिए उन्हें वहां पर करीब छह दिन का समय लग या। परिवार वापस लौटा तो घर का सामान बिखरा हुआ मिला और अलमारी टूटी हुई थी। इसके बाद उन्होंने सामान की जांच की तो गहने और नकदी गायब मिली।

सोने का सेट, दो चेन और अंगूठियां चोरी

शशिकला के अनुसार, चोर घर से सोने का एक गले का सेट, सोने की एक बड़ी चेन, सोने की एक छोटी चेन, पति रजनीश की सोने की अंगूठी और अपनी सोने की अंगूठी चोरी कर ले गए। इसके अलावा बच्चों की छोटी गुल्लक तोड़कर उसमें रखे रुपये भी निकाल लिए। गुल्लक में करीब 25 हजार कैश था और गहनों की कीमत भी लाखों में थी।

सामान की बरामदगी के प्रयास जारी

गांधी नगर थाना प्रभारी विशाल ने बताया कि शिकायत मिलने पर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। पुलिस ने सीन ऑफ क्राइम टीम को सूचना देकर घटनास्थल पर बुलाया। टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की। पुलिस अब अज्ञात चोरों का पता लगाने और चोरी हुए सामान की बरामदगी के प्रयास कर रही है।