October 10, 2026
10 oct 10
  • 4 अरेस्ट, ₹1.4 करोड़ लूटे थे

हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज :  हरियाणा के फरीदाबाद स्थित फतेहपुर तगा गांव में पूर्व सरपंच अब्दुल कदीम को बंधक बनाकर हुई 1.4 करोड़ रुपये की दुस्साहसिक डकैती की गुत्थी को क्राइम ब्रांच (सेक्टर-30) की टीम ने सुलझा लिया है। इस वारदात का मास्टरमाइंड कोई और नहीं, बल्कि पीड़ित का पड़ोसी साहुन खान ही निकला। उसने उत्तर प्रदेश से पेशेवर बदमाशों को बुलाकर इस डकैती को अंजाम दिलवाया था।

पुलिस ने पड़ोसी साहुन खान समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि तीन अन्य आरोपी फिलहाल फरार हैं। पुलिस के अनुसार, पड़ोसी को घर में बड़ी रकम रखे होने की भनक थी। उसने यह सूचना यूपी के बदमाशों तक पहुंचाई और मौका मिलते ही डकैती की योजना को अंजाम दे दिया।

पकड़े गए आरोपियों में पड़ोसी साहुन खान के अलावा हैदर अली (28) उर्फ इमामुद्दीन (निवासी मठेपुरस, अमरोहा, UP), मोहम्मद आरिफ (32) (निवासी डिडौली, अमरोहा, UP) और मोसीब आलम (30) (निवासी फतेहपुर माफी, अमरोहा, UP) शामिल हैं। पुलिस ने सभी आरोपियों को अदालत में पेश कर 7 दिन के रिमांड पर लिया है, ताकि फरार बदमाशों की गिरफ्तारी और लूटी गई रकम की बरामदगी की जा सके।

जमीन की रजिस्ट्री के लिए घर में रखी थी रकम: फतेहपुर तगा निवासी पूर्व सरपंच अब्दुल कदीम ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि वह प्रॉपर्टी डीलिंग का काम भी करते हैं। उन्हें 26 सितंबर को जमीन की कुछ रजिस्ट्रियां करानी थीं, जिसके लिए उन्होंने घर में बड़ी रकम रखी हुई थी। यह रकम हाल ही में बेची गई जमीन से मिली थी, जिसे बदमाशों ने निशाना बनाया।

रात ढाई बजे दीवार तोड़कर घर में घुसे बदमाश: पीड़ित के अनुसार, 25-26 सितंबर की दरमियानी रात वह घर में अकेले थे और परिवार के अन्य सदस्य बाहर गए हुए थे। देर रात करीब ढाई बजे सात हथियारबंद बदमाश घर की दीवार फांदकर अंदर दाखिल हुए। उस वक्त अब्दुल कदीम गहरी नींद में थे, लेकिन बदमाशों ने हथियारों के बल पर उन्हें तुरंत अपने कब्जे में ले लिया।

चारपाई पर रस्सियों से बांधा, कमरे खंगाले: इसके बाद बदमाशों ने उन्हें चारपाई पर ही रस्सियों से जकड़ दिया। एक बदमाश उन पर बंदूक तानकर पहरा देता रहा, जबकि चार अन्य बदमाश कमरों में घुस गए। बदमाशों ने अलमारी के दरवाजे तोड़ दिए और बैड को भी पूरी तरह खंगाला। इसके बाद अलमारी में रखी 1.04 करोड़ रुपये की नकदी समेटकर बदमाश उसी टूटी दीवार के रास्ते फरार हो गए।

अब जानिए कैसे पुलिस के हत्थे चढ़े बदमाश…

पड़ोसी ने कैश की जानकारी बदमाशों तक पहुंचाई: पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि अब्दुल कदीम के घर में जमीन बिक्री का कैश रखा हुआ है, इसकी पूरी भनक उनके पड़ोसी साहुन खान (38) को थी। साहुन ने अपने परिचित लियाकत से संपर्क कर उसे यह जानकारी दी और डकैती डालने को कहा। लियाकत पहले भी डकैती जैसी संगीन वारदातों को अंजाम दे चुका है। इसके बाद लियाकत ने अपने साथियों को मिलाकर वारदात की पूरी साजिश रची।

7 बदमाशों ने मिलकर दी वारदात को अंजाम: लियाकत के कहने पर सात बदमाश (निजाम, तयूब, रिहान, सलीम, हैदर अली, आरिफ और मोसीब) अर्टिगा गाड़ी में सवार होकर फतेहपुर तगा गांव पहुंचे। वहां पड़ोसी साहुन ने दो बदमाशों को मोटरसाइकिल पर बैठाकर पीड़ित के घर की रेकी करवाई और आने-जाने के तमाम रास्तों की जानकारी दी।

गाड़ी से फरार हुए आरोपी: इसके बाद 25-26 सितंबर की रात करीब 2 बजे सभी आरोपी पीड़ित के घर के बाहर पहुंचे। योजना के मुताबिक पांच बदमाश घर के अंदर घुसे, जबकि दो आरोपी गाड़ी लेकर थोड़ी दूरी पर साइड में खड़े रहे। डकैती की वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी गाड़ियों में सवार होकर मौके से फरार हो गए।

पुलिस ने सभी को 4 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया

पुलिस ने सभी आरोपियों को 4 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है। पुलिस इस डकैती में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों को भी जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।