November 24, 2026
24 nov 8
  • हफ्ते में एक दिन पर्यटकों के लिए बंद, बुकिंग के लिए 10 लाख फीस

हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : पंचकूला का ऐतिहासिक यादविन्द्रा गार्डन (पिंजौर गार्डन) बुधवार को आम पर्यटकों के लिए बंद रहेगा। एक निजी शादी समारोह के लिए पूरे परिसर की बुकिंग होने के कारण हरियाणा टूरिज्म कॉर्पोरेशन लिमिटेड ने यह फैसला लिया है। यह गार्डन अब तक 6 से 7 बार शाही शादियों के लिए बुक हो चुका है। वहीं, हरियाणा सरकार इसे जल्द ही 90 करोड़ रुपए की लागत से विश्वस्तरीय इंटरनेशनल वेडिंग डेस्टिनेशन के रूप में विकसित करने जा रही है।

बुधवार को पर्यटकों को नहीं मिलेगी एंट्री

हरियाणा टूरिज्म प्रबंधन की ओर से जारी सूचना के अनुसार, शादी समारोह के चलते बुधवार को आम पर्यटकों का प्रवेश बंद रहेगा। प्रबंधन ने लोगों से असुविधा से बचने के लिए उसी हिसाब से यात्रा की योजना बनाने की अपील की है।

अधिकारियों के अनुसार, पूरे गार्डन की एक दिन की बुकिंग के लिए 10 लाख रुपए और इसके अतिरिक्त जीएसटी शुल्क लिया जाता है।

90 करोड़ रुपए से होगा कायाकल्प

गार्डन में डेस्टिनेशन वेडिंग के बढ़ते चलन और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ‘वेड इन इंडिया’ पहल से प्रेरित होकर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की अध्यक्षता में हुई उच्चस्तरीय बैठक में 90 करोड़ रुपए के पुनर्विकास प्रोजेक्ट को मंजूरी दी गई है। इसके तहत पिंजौर गार्डन के साथ मोरनी हिल्स स्थित टिक्कर ताल का भी आधुनिकीकरण होगा।

विरासत और पर्यटन विभाग के आयुक्त एवं सचिव डॉ. अमित अग्रवाल के अनुसार, पुनर्विकास के दौरान गार्डन की ऐतिहासिक वास्तुकला और मूल स्वरूप से कोई छेड़छाड़ नहीं की जाएगी।

अब जानिए, नए प्रोजेक्ट में क्या होगा खास…

  • लग्जरी होटल व रूफटॉप हेलीपैड: पीपीपी (PPP) मॉडल के तहत एक लग्जरी होटल बनेगा, जिसकी छत पर देश-विदेश से आने वाले वीआईपी मेहमानों के लिए हेलीपैड की सुविधा होगी।
  • कन्वेंशन सेंटर: वन-स्टॉप वेडिंग डेस्टिनेशन के रूप में विकसित करने के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर का कन्वेंशन और प्रदर्शनी केंद्र बनेगा।
  • नए आकर्षण व नाइट टूरिज्म: परिसर में अत्याधुनिक म्यूजिकल फाउंटेन, लैंडस्केप्ड बटरफ्लाई पार्क, एक्वेरियम और रात्रि पर्यटन (नाइट टूरिज्म) के लिए खास लाइटिंग की व्यवस्था होगी।
  • टिक्कर ताल का विकास: मोरनी हिल्स के टिक्कर ताल में बोटिंग सुविधाओं का आधुनिकीकरण और एडवेंचर टूरिज्म गतिविधियों का विस्तार किया जाएगा। सरकार का मानना है कि इस पुनर्विकास से हरियाणा के पर्यटन को नई ऊंचाइयां मिलेंगी, राजस्व बढ़ेगा और स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के बड़े अवसर पैदा होंगे।