- 25 नवंबर से 14 जनवरी तक चलेंगी
हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (इग्नू) की दिसंबर 2026 टर्म-एंड परीक्षाएं 25 नवंबर से शुरू होकर 14 जनवरी 2027 तक चलेंगी। करनाल स्थित इग्नू क्षेत्रीय कार्यालय के अनुसार, हरियाणा से कुल 1,69,046 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे।
इनमें जेलों में बंद 1,492 कैदी भी शामिल हैं। प्रदेश में परीक्षा संचालन के लिए 30 केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें 11 केंद्र विभिन्न जेलों में स्थापित किए गए हैं। ज्यादातर कैदी परीक्षार्थी ग्रेजुएशन की परीक्षाएं देंगे।
10 जिलों में बनाए परीक्षा केंद्र
भिवानी, फतेहाबाद, हिसार, कैथल, करनाल, कुरुक्षेत्र, सिरसा, सोनीपत, पानीपत और रोहतक में परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। करनाल जिले में 3 केंद्र जिला जेल करनाल, बुद्धा कॉलेज और विनायक पॉलिटेक्निक कॉलेज में स्थापित किए गए हैं।
परीक्षार्थी विश्वविद्यालय की वेबसाइट www.ignou.ac.in या समर्थ पोर्टल से हॉल टिकट डाउनलोड कर सकते हैं। विद्यार्थियों को परीक्षा से पहले हॉल टिकट और पहचान पत्र तैयार रखने तथा निर्धारित समय से पहले केंद्र पहुंचने की अपील की गई है।
दो सत्रों में होंगी परीक्षाएं
इग्नू क्षेत्रीय केंद्र करनाल के क्षेत्रीय निदेशक एवं प्रमुख डॉ. धर्म पाल ने बताया कि परीक्षाएं प्रतिदिन 2 सत्रों में होंगी। पहला सत्र सुबह 10 से दोपहर 1 बजे तक और दूसरा सत्र दोपहर 2 से शाम 5 बजे तक रहेगा।
परीक्षा केंद्रों के अधिकारियों और कर्मचारियों को दिशा-निर्देशों से अवगत कराने के लिए क्षेत्रीय केंद्र की ओर से परीक्षा नियंत्रकों का विशेष ओरिएंटेशन कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें परीक्षा संचालन, प्रश्नपत्रों की सुरक्षित प्राप्ति व वितरण, उत्तर पुस्तिकाओं के रखरखाव, रिकॉर्ड संधारण और विश्वविद्यालय के दिशा-निर्देशों के पालन की जानकारी दी गई।