- हुड्डा और राजदीप के पीनल रेंट पर चर्चा
हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : हरियाणा सिविल सचिवालय में शनिवार सुबह 11:00 बजे मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की अध्यक्षता में राज्य मंत्रिमंडल की महत्वपूर्ण बैठक होने जा रही है। बैठक में दर्जनभर से अधिक एजेंडों पर चर्चा होगी। कैबिनेट बैठक के तुरंत बाद दोपहर लगभग 12:00 बजे मुख्यमंत्री सचिवालय की चौथी मंजिल पर प्रेस कॉन्फ्रेंस कर लिए गए फैसलों की जानकारी साझा करेंगे और अंत्योदय योजनाओं के तहत लाभार्थियों को सहायता राशि भी जारी करेंगे।
कैबिनेट बैठक के प्रमुख एजेंडे
- लाडो लक्ष्मी योजना का दायरा बढ़ेगा: योजना के तहत लाभार्थी परिवार की वार्षिक आय सीमा को 1.80 लाख रुपए से बढ़ाकर 3 लाख रुपए करने के प्रस्ताव पर कैबिनेट की मुहर लग सकती है। इससे राज्य की लाखों अतिरिक्त महिलाओं को योजना का लाभ मिलेगा।
- भूपेंद्र हुड्डा का पीनल रेंट माफ करने पर चर्चा: विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा के सरकारी आवास का 27 लाख 17 हजार 764 रुपए का पीनल रेंट (दंडात्मक किराया) माफ करने का एजेंडा चर्चा के लिए रखा जाएगा।
- पूर्व चेयरमैन राजदीप फौगाट को भी राहत: पूर्व चेयरमैन राजदीप फौगाट के सरकारी आवास का 38.47 लाख रुपए का बकाया पीनल रेंट माफ करने के प्रस्ताव पर भी फैसला संभव है।
- मीडिया कर्मी कल्याण कोष योजना में संशोधन: ‘हरियाणा मीडिया कर्मी कल्याण कोष वितरण योजना’ में संशोधन का प्रस्ताव कैबिनेट की मंजूरी के लिए पेश किया जाएगा।
- स्थानीय निकायों को फंड ट्रांसफर: छठे राज्य वित्त आयोग की सिफारिशों के तहत स्थानीय निकायों (नगर निगमों, परिषदों और पालिकाओं) को धनराशि हस्तांतरित करने के प्रस्ताव पर विचार होगा।
- रोजगार एवं आजीविका मिशन को मंजूरी: ‘हरियाणा विकसित भारत – गारंटी फॉर रोजगार एवं आजीविका मिशन (ग्रामीण) योजना, 2026’ की अधिसूचना को कार्योत्तर मंजूरी दी जाएगी।
बैठक के बाद सीएम करेंगे प्रेस कॉन्फ्रेंस
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी कैबिनेट बैठक समाप्त होने के बाद करीब 12 बजे मीडिया को संबोधित करेंगे। इस दौरान वे कैबिनेट में मंजूर हुए प्रस्तावों का ब्योरा देंगे और अंत्योदय योजनाओं के तहत पात्र लाभार्थियों के खातों में मासिक वित्तीय सहायता राशि वितरित करेंगे।