- हरियाणा में MLA सहित कई नेता हाउस अरेस्ट, युवक को बाथरूम से पकड़ा
हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज :
कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के जंतर मंतर पर होने वाले प्रदर्शन से पहले दिल्ली पुलिस ने यूट्यूबर ध्रुव राठी को गुरुग्राम से हिरासत में ले लिया। कॉकरोच ऑफ इंडिया सोशल मीडिया हैंडल से डाली गई पोस्ट में लिखा-प्रोटेस्ट के बीच दिल्ली पुलिस ने यूट्यूबर ध्रुव को गुरुग्राम उसके घर से हिरासत में लिया गया। सुबह करीब 8 बजे लगभग 50 पुलिसकर्मी सिविल ड्रेस में पहुंचे थे ध्रुव राठी के घर। बता दें कि ध्रुव राठी मूल रूप से रोहतक के रहने वाले हैं। उन्होंने जर्मनी युवती जूली से शादी की हैं और वर्तमान में बर्लिन शहर में रहते हैं। दो दिन पहले ही जर्मनी से आए थे। सीजेपी नेताओं ने उनके पार्टी के साथ जुड़ने की वीडियो भी सोशल मीडिया पर डाली थी। हालांकि, इस बारे में पुलिस पीआरओ टीम की ओर से केवल यह बताया गया है कि ध्रुव राठी को डिटेन करने के मामले में थोड़ी देर में जानकारी शेयर की जाएगी।
उधर, हरियाणा पुलिस ने सिरसा के कालांवाली से कांग्रेस विधायक शीशपाल कहरलाला सहित कई बड़े नेताओं को हाउस अरेस्ट कर लिया है। रोहतक में किसान नेत्री मोनिका नैन, गुरुग्राम की लेडी डॉक्टर सारिका पर पुलिस का कड़ा पहरा है। भिवानी के युवक लोकेश को रोहतक स्टेशन पर पुलिस ने ट्रेन के बाथरूम से हिरासत में लिया।
भिवानी का लोकेश पुलिस के डर से ट्रेन के बाथरूम में छिपा
दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रस्तावित प्रदर्शन में शामिल होने के लिए भिवानी से निकले लोकेश ने रोहतक रेलवे स्टेशन पर पुलिस द्वारा हिरासत में लिए जाने की आशंका जताई। युवक ने दैनिक भास्कर के पास फोन कर बताया कि वह दिल्ली जाने के लिए ट्रेन में सफर कर रहा है और रोहतक स्टेशन पर ट्रेन बदलनी थी, लेकिन स्टेशन पर पुलिसकर्मियों को देखकर वह डर गया।
लोकेश ने फोन पर बताया कि वह स्लीपर कोच के बाथरूम में छिपा हुआ है। उसके पास स्लीपर क्लास का टिकट भी है। युवक के मुताबिक, स्टेशन पर पुलिसकर्मी बाहर खड़े हैं और संदेह के आधार पर कुछ लोगों को हिरासत में लिया जा रहा है। इसी डर के चलते उसने बाथरूम में छिपने की बात कही।
बहादुरगढ़ से दिल्ली जाने वाले रास्तों पर पहरा
दिल्ली में सीजेपी के प्रस्तावित प्रदर्शन को देखते हुए बहादुरगढ़ से दिल्ली जाने वाले रास्तों पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। टिकरी बॉर्डर सहित दिल्ली से जुड़ने वाली सीमाओं पर पुलिस की निगरानी बढ़ाई गई है। दिल्ली जाने वाले वाहनों पर नजर रखी जा रही है और कई स्थानों पर वाहनों की जांच की जा रही है।
प्रदर्शन के मद्देनजर पुलिस सतर्क है। दिल्ली की ओर जाने वाले मार्गों पर नाकेबंदी कर वाहन चालकों से पूछताछ की जा रही है। सुरक्षा व्यवस्था के तहत पुलिस बल तैनात किया गया है, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटा जा सके।
दिल्ली में प्रदर्शन को लेकर सुरक्षा इंतजामों का असर बहादुरगढ़ से दिल्ली की ओर जाने वाले लोगों की आवाजाही पर भी पड़ सकता है। वाहन चालकों को रास्ते में जांच और संभावित देरी को ध्यान में रखकर यात्रा करने की सलाह दी जाती है।