October 8, 2026
8 oct 10
  • पहले नवरात्रे पर उद्घाटन, हाईटेक टैब मिलेंगे

हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : पंचकूला माता मनसा देवी मंदिर में आने वाले देश-विदेश और दक्षिण भारत के श्रद्धालुओं व पर्यटकों के लिए बड़ी राहत की खबर है। श्री माता मनसा देवी मंदिर प्रांगण के मुख्य गेट पर हरियाणा की पहली स्थाई ‘टूरिस्ट पुलिस पोस्ट’ खुलने जा रही है। इसका निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है और आगामी नवरात्र के पहले दिन इसका भव्य उद्घाटन किया जाएगा।

यह पुलिस पोस्ट केवल नवरात्र या मेले के दिनों तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि सामान्य दिनों में भी एक नियमित पुलिस स्टेशन/चौकी की तरह 24 घंटे चालू रहेगी। इस टूरिस्ट पुलिस पोस्ट की सबसे बड़ी खासियत इसका हाईटेक और भाषा-मित्र होना है। मंदिर में आने वाले दक्षिण भारत और विदेशी पर्यटकों की सुविधा के लिए तैनात पुलिसकर्मियों को विशेष टैब दिए जाएंगे।

यदि कोई पर्यटक अपनी प्रांतीय (जैसे तमिल, तेलुगु, कन्नड़, मलयालम) या विदेशी भाषा में बात करता है, तो पुलिसकर्मी टैब में ट्रांसलेशन सॉफ्टवेयर की मदद से उनकी बात तुरंत समझ सकेंगे। अब पुलिसकर्मी उसी टैब के जरिए अपनी बात को पर्यटक की भाषा में ट्रांसलेट कर उन तक सही जानकारी और सहायता पहुंचाएंगे।

पोस्ट के बाहर चलेगी लाइव डिस्पले: पुलिस पोस्ट के बाहर एक बड़ी एलईडी स्क्रीन लगाई जाएगी। मेले या सामान्य दिनों में कोई सामान गुम होने या बच्चा बिछड़ने पर उसकी फोटो और जानकारी तुरंत इस स्क्रीन पर फ्लैश होगी। मेले के दौरान श्रद्धालुओं को क्या सावधानियां बरतनी हैं, इसका विवरण भी लगातार स्क्रीन पर दिखाया जाएगा।

24×7 स्टाफ तैनाती: इस पोस्ट में एक इंचार्ज के साथ 4 मुलाजिमों का स्टाफ रहेगा। महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सहायता को ध्यान में रखते हुए टीम में हर समय 2 पुरुष और 2 महिला पुलिसकर्मी अनिवार्य रूप से तैनात रहेंगे।

CCTV कंट्रोल रूम से निगरानी : मंदिर परिसर में लगे सभी सीसीटीवी कैमरों का मुख्य कंट्रोल रूम इसी पुलिस पोस्ट में बनाया जा रहा है। पुलिसकर्मी यहीं बैठकर पूरे मंदिर परिसर के कोने-कोने पर सुरक्षा नजर रख सकेंगे।

त्वरित पुलिस सहायता : परिसर में किसी भी प्रकार की घटना या आपात स्थिति होने पर श्रद्धालु यहां सीधे सूचना देकर तुरंत पुलिस सहायता प्राप्त कर सकेंगे।

गाइड की भूमिका निभाएगी पुलिस: अगर कोई श्रद्धालु या पर्यटक पंचकूला शहर, यातायात के साधनों, नजदीकी धार्मिक स्थलों, ठहरने के स्थानों या माता मनसा देवी मंदिर के इतिहास के बारे में जानकारी चाहता है, तो तैनात पुलिस टीम गाइड की तरह पूरी जानकारी उपलब्ध कराएगी। सामान गुम होने या अन्य किसी भी शिकायत पर तुरंत एफआईआर व कार्रवाई की जिम्मेदारी इसी टीम की होगी।

नवरात्र में 1 लाख पार पहुंचती है श्रद्धालुओं की संख्या

माता मनसा देवी मंदिर में नवरात्रों के दौरान भारी भीड़ उमड़ती है। विशेष रूप से पहले और छठे नवरात्र के दिन श्रद्धालुओं का आंकड़ा 1 लाख के पार पहुंच जाता है, जबकि अन्य नवरात्रों में प्रतिदिन 50 हजार से अधिक भक्त दर्शन करने पहुंचते हैं।

इसके अलावा, सामान्य दिनों में भी हरियाणा, पंजाब, हिमाचल, दिल्ली सहित देश-विदेश से हजारों श्रद्धालु प्रतिदिन माता के दर्शन के लिए पंचकूला पहुंचते हैं। श्रद्धालुओं की इसी विशाल संख्या और सुरक्षा की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए इस स्थाई टूरिस्ट पुलिस पोस्ट की स्थापना की जा रही है।