- मशीन उखड़ी, ड्राइवर-ऑपरेटर और सहायक घायल
हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : फरीदाबाद के सूरजकुंड रोड स्थित BPCL CNG पंप पर गैस भरवाते समय टाटा डंपर का एक गैस सिलेंडर जोरदार धमाके के साथ फट गया। धमाका इतना तेज था कि CNG भरने वाली मशीन उखड़ गई और पंप पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे में डंपर ड्राइवर, उसका सहायक और पंप ऑपरेटर घायल हो गए।
तीनों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी हालत ठीक बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार डंपर में चार गैस सिलेंडर लगे थे, जिनमें से एक फटा। सिलेंडर का एक हिस्सा दूर जा गिरा, जबकि दूसरा मशीन से टकराया। सूचना मिलने पर सूरजकुंड थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हादसे की जांच शुरू कर दी।
कई किलोमीटर तक सुनाई दी आवाज
जानकारी के अनुसार सूरजकुंड परिसर की पास सीएनजी पंप पर एक टाटा डंपर सीएनजी भरवा रहा था। पंप का ऑपरेटर डंपर में सीनएजी भर रहा था, लेकिन कुछ ही समय बाद अचानक से डंपर में लगे चार गैस सिलेंडर में से एक जोरदार धमाके के साथ फट गया। धमाके की आवाज इतनी तेज थी कि आस-पास कई किलोमीटर दूर तक आवाज सुनाई दी।
पंप पर लगी मशीन को तोड़ा
गैस सिलेंडर के फटने पंप पर अफरा-तफरी का माहौल हो गया। गनीमत रही कि हादसे के समय पंप पर ज्यादा वाहन मौजूद नही थे। धमाके के चलते गैस सिलेंडर का एक हिस्सा फटकर दूर जा गिरा, जबकि एक हिस्सा मशीन से टकरा गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि मशीन को उखाड़ दिया।
तीन लोगों को चोट आई
इस हादसे में डंपर चला रहे ड्राइवर को सर में और उसके साथी को कान में चोट आई है जबकि मशीन के पास मौजूद आपरेटर को पैर में चोट आई है। जिनको इलाज के लिए भेजा गया है। जहां पर उनका इलाज किया जा रहा है और सभी की हालत सही बताई जा रही है।
पुलिस बोलीं- मामले की जांच जारी
मामले की सूचना मिलते ही सूरजकुंड थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। थाना इंचार्ज प्रहलाद ने जानकारी देते हुए बताया कि गैस सिलेंडर के फटने से ये हादसा हुआ है। जिन तीन को चोट आई है, वो सुरक्षित है। हादसे के बारे में टीम जांच कर रही है।