- लोन इंद्राज के बदले मांगी थी रकम
हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : सोनीपत में भ्रष्टाचार के खिलाफ भिवानी एसीबी की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गन्नौर तहसील में तैनात हलका पटवारी को ₹90 हजार की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोप है कि एक कंपनी के बैंक लोन को राजस्व रिकॉर्ड में दर्ज करने के एवज में पटवारी ने कंपनी के व्यक्ति से रिश्वत की मांग की थी। रिश्वत की रकम देने को लेकर कंपनी के व्यक्ति ने भिवानी एसीबी को शिकायत दी।
शिकायत मिलने के बाद एसीबी ने मामले की जांच की और ट्रैप की कार्रवाई की। सोमवार को शिकायतकर्ता पटवारी को ₹90 हजार देने पहुंचा। जैसे ही पटवारी ने रिश्वत की रकम ली, एसीबी की टीम ने उसे गन्नौर तहसील से रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। वहीं आरोपी को गन्नौर थाना में ले जाया गया है और आगे की कार्रवाई जारी है। वहीं आरोपी पटवारी को कोर्ट में पेश किया जाएगा, जहां से आगे की कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
राजस्व रिकॉर्ड में करना था इंद्राज
एसीबी के अनुसार एक कंपनी ने बैंक से लोन लिया हुआ था। बैंक से लोन मिलने के बाद संबंधित संपत्ति की फर्द और राजस्व रिकॉर्ड में बैंक लोन का इंद्राज किया जाता है। इसका उद्देश्य यह होता है कि लोन से जुड़ी संबंधित प्रॉपर्टी को बिना बैंक की जानकारी के बेचने से रोका जा सके। इसी प्रक्रिया को पूरा करने के एवज में आरोपी पटवारी द्वारा रिश्वत की मांग किए जाने का आरोप है।
पहले ₹2 लाख मांगे, बाद में ₹1 लाख में सौदा
एसीबी इंस्पेक्टर जगजीत सिंह ने बताया कि आरोपी सचिन पटवारी गांव उमेदगढ़ का रहने वाला है और वह गन्नौर का हल्का पटवारी है। आरोपी सचिन ने कंपनी के व्यक्ति से लोन इंद्राज करने के बदले ₹2 लाख की रिश्वत की मांग की थी। शिकायतकर्ता और पटवारी के बीच बातचीत के बाद रिश्वत की रकम ₹1 लाख में तय हुई थी। इसके बाद कंपनी के व्यक्ति ने मामले की शिकायत एसीबी को दी।
शिकायत मिलते ही एसीबी ने बनाया ट्रैप
कंपनी के व्यक्ति की शिकायत मिलने के बाद भिवानी एसीबी की टीम ने कार्रवाई की योजना बनाई। टीम ने ट्रैप लगाकर शिकायतकर्ता को रिश्वत की रकम लेकर पटवारी के पास भेजा। तय योजना के अनुसार शिकायतकर्ता ने पटवारी को ₹90 हजार दिए। इसी दौरान एसीबी की टीम ने आरोपी पटवारी को रिश्वत की रकम के साथ रंगे हाथों पकड़ लिया।
गन्नौर तहसील से गिरफ्तार, कोर्ट में होगी पेशी
एसीबी टीम ने आरोपी पटवारी सचिन को गन्नौर तहसील परिसर से गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से रिश्वत की ₹90 हजार की रकम बरामद की गई है। एसीबी की ओर से आरोपी के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। आरोपी को कोर्ट में पेश किया जाएगा, जिसके बाद अदालत के आदेश के अनुसार आगे की कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।