- सिरसा में ₹10 बढ़ाकर बेचेंगे पशुपालक, 17 की बैठक में तय होगी रणनीति
हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : दूध बंद’ आंदोलन समाप्त होने के दूसरे दिन भी सिरसा में रेट बढ़ाने का मुद्दा थमा नहीं है। अभी भी दूध आज से मौजूदा रेट से 10 रुपए बढ़ाने का फैसला बरकरार है और फेट रेट बढ़ाने की सरकार व प्रशासन व मिल्क प्लांट वालों से किसान व पशुपालकों की लड़ाई जारी रहेगी। अब देखना होगा कि डेयरी वाले व पशुपालक क्या इस पर खरा उतरेंगे। इसका दूधिए समर्थन करेंगे?
किसान नेता जसवीर भाटी ने वीडियो जारी कर कहा, इन तीन दिनों की दूध हड़ताल में सभी ने समर्थन किया और आगे भी इसी तरह पूरा सहयोग करना। सरकार से मांग रखी है कि पहले नकली दूध पर रोक लगाई जाए और दूसरी मांग में गाय का दूध के फेट 16 रुपए एवं भैंस का दूध का फेट 13 रुपए किया जाए।
हड़ताल के दौरान राजस्थान के किसान-पशुपालकों की तर्ज पर आमजन की हित में पंचायत में लिए फैसले के अनुसार, आज से दूध का रेट मौजूदा भाव से 10 रुपए बढ़ाना होगा। कोई भी साथी किंतु-परंतु ना करे और 10 रुपए रेट बढ़ोतरी के साथ 17 अक्टूबर तक सप्लाई जारी रखे। जहां भी दूध बंद किया था, वो सप्लाई जारी रखे। दूधिए भी आराम से दूध बेचें, किसी जगह पर झगड़ा न हो।
पिछले 5 साल से खर्चे ज्यादा बढ़े
ये हड़ताल दूध उत्पादकों व सब के हक में रखी है। इसका फायदा दूध बेचने वालों और डेयरी वालों को भी होगा। पिछले 5 साल से खर्चे ज्यादा बढ़ गए हैं। इसीलिए यह कदम उठाना पड़ा है। आगे 17 अक्टूबर को जाट धर्मशाला सिरसा में मीटिंग रखी है, उसमें ज्यादा से ज्यादा डेयरी वाले, पशुपालक, दूध उत्पादक संख्या में आकर पक्ष रख सकेंगे। इसके बाद नए रेट पर फैसला होगा।
राजस्थान व पंजाब में भी हड़ताल रखी गई
हड़ताल से पहले और समाप्ति तक धरनारत किसान और पशुपालकों की मांग थी कि गाय का दूध 80 रुपए और भैंस का दूध 100 रुपए प्रति किलो के हिसाब से किया जाए। पिछले 20 दिनों से किसान-पशुपालकों ने कई दौर की मीटिंग के बाद वीटा प्लांट के बाहर धरना प्रदर्शन किया था। इसी के साथ राजस्थान व पंजाब में भी हड़ताल रखी गई।
राजस्थान के किसान-पशुपालकों ने 80-100 करने के बजाय मौजूदा रेटों में 10 रुपए प्रति किलो बढ़ोतरी का फैसला लिया है, ताकि किसी जरूरतमंद पर आर्थिक बोझ न पड़े। इसके बाद सिरसा के किसान व पशुपालकों ने भी मौजूदा रेट में 10 रुपए बढ़ाने की फैसला लेते हुए सहमति जताई है। इसी के साथ शनिवार को प्लांट के बाहर से धरना समाप्त कर दिया।
वार्ता न कोई आश्वासन देने का लगाया आरोप
अब सरकार से फेट रेट बढ़ाने की मांग है। इसे लेकर 17 अक्टूबर तक अल्टीमेटम दिया हुआ है। उनकी 17 तारीख को जाट धर्मशाला सिरसा में मीटिंग भी होनी है। किसान-पशुपालकों ने प्रशासन व सरकार की ओर से वार्ता न करने और कोई आश्वासन न मिलने का आरोप लगाया है।
सरकार व मिल्क प्लांट वालों से भैंस का दूध फेट के हिसाब से 13 रुपए और गाय का दूध 16 रुपए फेट करने की मांग है। अगर इस पर सहमति नहीं बनी, तो ठोस फैसला लेने की चेतावनी दी है।