October 3, 2026
3 oct 3
  • केंद्रीय स्टेशनों पर एंट्री-एग्जिट बंद, यात्रियों की बढ़ी परेशानी

हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज :  झज्जर जिले के बहादुरगढ़ में मेट्रो का असर देखने को मिला, दिल्ली में कल जंतर-मंतर पर प्रस्तावित प्रदर्शन और सुरक्षा व्यवस्था के चलते दिल्ली मेट्रो के 12 प्रमुख स्टेशनों पर एंट्री और एग्जिट बंद कर दिए गए थे। इसका सीधा असर बहादुरगढ़ से दिल्ली आने-जाने वाले यात्रियों पर भी पड़ा। हालांकि शुक्रवार देर रात डीएमआरसी ने सभी बंद स्टेशनों के प्रवेश और निकास द्वार खोल दिए।

प्रदर्शन बढ़ने से नई दिल्ली मेट्रो स्टेशन को आज सुबह फिर से कुछ स्टेशन बंद किए जाने की आदेश की सूचना दी गई है।

रोजाना 2 लाख यात्रियों का आवागमन

बहादुरगढ़ दिल्ली से रोजाना बड़ी संख्या में नौकरीपेशा लोगों, विद्यार्थियों, व्यापारियों और अन्य यात्रियों का जुड़ा हुआ शहर है। स्थानीय स्तर पर करीब 2 लाख यात्रियों के रोजाना आवागमन का आंकड़ा बताया जाता है। ऐसे में दिल्ली मेट्रो की सेवाओं में किसी तरह की बाधा का असर बहादुरगढ़ के यात्रियों पर भी पड़ता है।

बहादुरगढ़ की ओर से ब्रिगेडियर होशियार सिंह, बहादुरगढ़ सिटी और पंडित श्रीराम शर्मा समेत ग्रीन लाइन के स्टेशनों से यात्री दिल्ली की ओर जाते हैं। ग्रीन लाइन के जरिए यात्री आगे दिल्ली के दूसरे हिस्सों से जुड़ते हैं। इसलिए केंद्रीय दिल्ली के प्रमुख इंटरचेंज स्टेशनों पर एंट्री-एग्जिट बंद होने से यात्रियों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में परेशानी हुई।

12 स्टेशनों पर बंद रहे प्रवेश-निकास

डीएमआरसी ने पहले 11 स्टेशनों पर एंट्री-एग्जिट बंद किए थे। बाद में बाराखंभा रोड को भी सूची में शामिल किया गया। इनमें जनपथ, पटेल चौक, केंद्रीय सचिवालय, राजीव चौक, सेवा तीर्थ, मंडी हाउस, लोक कल्याण मार्ग, आईएनए, चावड़ी बाजार, रामकृष्ण आश्रम मार्ग, नई दिल्ली और बाराखंभा रोड स्टेशन शामिल थे। कुछ प्रमुख स्टेशनों पर इंटरचेंज की सुविधा उपलब्ध रखी गई थी।

यात्रियों की आगे की यात्रा अटकी

ग्रीन लाइन पर बहादुरगढ़ से दिल्ली की ओर मेट्रो सेवा चलती रही, लेकिन केंद्रीय दिल्ली के प्रमुख स्टेशनों पर एंट्री-एग्जिट बंद होने से उन यात्रियों को परेशानी हुई, जिन्हें राजीव चौक, नई दिल्ली, केंद्रीय सचिवालय, मंडी हाउस या आसपास के इलाकों में जाना था। कई यात्रियों को वैकल्पिक स्टेशन से बाहर निकलकर सड़क मार्ग का सहारा लेना पड़ा।

खास तौर पर नई दिल्ली स्टेशन बहादुरगढ़ से आने वाले उन यात्रियों के लिए महत्वपूर्ण है, जिन्हें रेलवे स्टेशन, कनॉट प्लेस या दूसरी मेट्रो लाइनों की ओर जाना होता है। नई दिल्ली स्टेशन पर इंटरचेंज सुविधा भी कुछ समय के लिए प्रभावित रही थी, जिसे बाद में बहाल कर दिया गया।

वैकल्पिक परिवहन की चुनौती हुई खड़ी

बहादुरगढ़ से दिल्ली रोजाना बड़ी संख्या में लोग काम, कारोबार, पढ़ाई और अन्य जरूरी कार्यों के लिए जाते हैं। ऐसे में दिल्ली के केंद्रीय हिस्से में मेट्रो के प्रमुख स्टेशनों पर प्रवेश-निकास बंद होने से बहादुरगढ़ के यात्रियों के सामने वैकल्पिक परिवहन की चुनौती खड़ी हो गई।