- CM सैनी होंगे मुख्यातिथि, तीन लाख युवाओं को जोड़ने का टारगेट
हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : हरियाणा में स्टार्टअप को बढ़ावा देने के लिए अब फोकस सिर्फ बड़े शहरों तक सीमित नहीं रहेगा। कुरुक्षेत्र से आज 23 जिलों के युवाओं को स्टार्टअप का मंच देने वाले राज्य स्तरीय कार्यक्रम की शुरुआत होगी। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी कुरुक्षेत्र यूनिवर्सिटी से स्टार्टअप हरियाणा-सेवा संकल्प विचार से विस्तार तक कार्यक्रम का शुभारंभ करेंगे।
इस कार्यक्रम का मकसद प्रदेश के छोटे शहरों और जिलों के युवाओं तक स्टार्टअप का पूरा सपोर्ट सिस्टम पहुंचाना है, ताकि किसी युवा के पास बिजनेस या इनोवेशन का आइडिया है तो उसे आगे बढ़ाने के लिए सिर्फ बड़े शहरों का रुख न करना पड़े।
युवाओं को एक प्लेटफॉर्म से जोड़ने की तैयारी
राज्य सरकार के उद्योग एवं वाणिज्य विभाग की ओर से शुरू किए जा रहे इस कार्यक्रम में प्रदेश के 23 जिलों को कवर किया जाएगा। इसमें स्टूडेंट्स, नए उद्यमी, गांव और छोटे शहरों से आने वाले इनोवेटर्स और पहले से काम कर रहे ग्रोथ-स्टेज स्टार्टअप्स को जोड़ा जाएगा।
आइडिया को बिजनेस में बदलने का रास्ता
कार्यक्रम में युवाओं को सिर्फ स्टार्टअप शुरू करने की जानकारी नहीं दी जाएगी, बल्कि आइडिया को आगे बढ़ाने से लेकर उसे बिजनेस में बदलने तक का रास्ता तैयार किया जाएगा। इसमें जागरूकता, ट्रेनिंग, मेंटरशिप, पिचिंग, फंडिंग और निवेशकों से कनेक्ट जैसी सुविधाओं से युवाओं को जोड़ने पर फोकस रहेगा।
मुख्यमंत्री बताएंगे- फंडिंग कैसे लें
अभी कई युवाओं के पास बिजनेस या इनोवेशन के आइडिया होते हैं, लेकिन उन्हें आगे कैसे बढ़ाना है, फंडिंग कहां से मिलेगी और निवेशकों तक कैसे पहुंच बनाई जाए, इसकी जानकारी नहीं होती। सरकार के इस कार्यक्रम में इसी गैप को कम करने की कोशिश की जाएगी।
स्टार्टअप हरियाणा के सपोर्ट सिस्टम के तहत युवाओं को मेंटॉरशिप, ग्रांट, इनक्यूबेशन, इंडस्ट्री से जोड़ने और निवेशकों तक पहुंच उपलब्ध कराने की दिशा में काम किया जाएगा।
3 लाख युवाओं तक पहुंचने का लक्ष्य
सरकार ने इस अभियान के जरिए प्रदेश के करीब 3 लाख इच्छुक उद्यमियों और युवाओं तक पहुंच बनाने का लक्ष्य रखा है। खास बात यह है कि स्टार्टअप इकोसिस्टम को गुरुग्राम और फरीदाबाद जैसे बड़े शहरों तक सीमित रखने के बजाय प्रदेश के सभी जिलों तक ले जाने की योजना है।