October 2, 2026
2 oct 1
  • हिसार सबसे गर्म रहा, 36.9° पहुंचा तापमान

 

हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : हरियाणा में मानसून सीजन समाप्त होने के बाद अब मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने वाला है। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में अगले 5 दिनों तक मौसम साफ और शुष्क रहने की संभावना है। इसके बाद 6 और 7 अक्टूबर को कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। हालांकि अगले 7 दिनों के लिए प्रदेश में किसी तरह की मौसम चेतावनी जारी नहीं की गई है।

मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार को प्रदेश के औसत अधिकतम तापमान में बुधवार के मुकाबले 1.3 डिग्री की बढ़ोतरी हुई। हालांकि यह सामान्य के आसपास बना हुआ है। प्रदेश में सबसे अधिक तापमान हिसार में 36.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

मानसून में सामान्य से 25% कम बारिश

इस साल हरियाणा में मानसून का प्रवेश कुछ हिस्सों में 1 जुलाई को हुआ था और 9 जुलाई तक पूरे प्रदेश में मानसून पहुंच गया था। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार 1 जून से 30 सितंबर तक प्रदेश में कुल 322.5 मिमी बारिश हुई, जबकि सामान्य बारिश 430.7 मिमी होती है। इस तरह पूरे मानसून सीजन में बारिश 25% कम रही।

पलवल में हुई सामान्य से ज्यादा बारिश

प्रदेश के 23 जिलों में से केवल एक जिले में सामान्य से अधिक बारिश हुई। 11 जिलों में बारिश सामान्य रही, जबकि 10 जिले बारिश की कमी वाले रहे। मानसून सीजन में पलवल में सामान्य से 20% अधिक बारिश दर्ज की गई, जबकि जींद में सामान्य से 57% कम बारिश हुई।

अगस्त में सामान्य, जून-सितंबर में कमी

महीने के हिसाब से देखें तो जून में प्रदेश में 30.5 मिमी बारिश हुई, जो सामान्य से 45% कम रही। जुलाई में 109.7 मिमी बारिश दर्ज की गई, जो सामान्य से 27% कम थी। अगस्त में स्थिति कुछ बेहतर रही और 138.8 मिमी बारिश हुई, जो सामान्य से केवल 6% कम थी और इसे सामान्य श्रेणी में रखा गया। सितंबर में बारिश फिर कम रही और पूरे प्रदेश में 43.5 मिमी बारिश हुई, जो सामान्य से 44% कम है।

कई शहरों में 33 से 36 डिग्री के बीच तापमान

गुरुवार को प्रदेश के अधिकतर हिस्सों में दिन का तापमान 33 से 36 डिग्री के बीच रहा। अंबाला में 33.7, करनाल में 33.5, रोहतक में 33.7, भिवानी में 32.0, सिरसा में 35.4, फरीदाबाद में 36.1, फतेहाबाद में 34.0, गुरुग्राम में 33.7, चरखी दादरी में 36.0, जींद में 34.7, कैथल में 31.9, कुरुक्षेत्र में 33.0, मेवात में 36.0, पलवल में 35.5, पंचकूला में 31.9, रेवाड़ी में 34.9 और सोनीपत में 31.7 डिग्री तापमान दर्ज किया गया।

6-7 को हो सकती है बारिश

मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल प्रदेश में बारिश की कोई बड़ी गतिविधि नहीं है। अगले कुछ दिनों में मौसम शुष्क रहने से दिन के तापमान में मामूली उतार-चढ़ाव हो सकता है। 6 और 7 अक्टूबर को कहीं-कहीं बारिश होने की संभावना के बाद मौसम फिर शुष्क होने का अनुमान है।