September 30, 2026
Untitled Design (10)
  • 30 मिनट पहले पहुंचना जरूरी

हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की 10वीं और 12वीं (शैक्षिक एवं मुक्त विद्यालय) कंपार्टमेंट (EIOP), रि-अपीयर, सीटीपी, ओसीटीपी, अतिरिक्त विषय और अंक सुधार विषय की पूरक तथा डीएलएड (नियमित/रि-अपीयर) की परीक्षाएं 1 अक्टूबर से आरंभ होकर 24 अक्टूबर तक संचालित होगी। इन परीक्षाओं का समय दोपहर 2 बजे से सांय 5 बजे तक रहेगा।

शिक्षा बोर्ड अध्यक्ष शंकर लाल धूपड़ एवं सचिव दीपक बाबूलाल करवा ने संयुक्त रूप से बताया कि 10वीं, 12वीं और डीएलएड की नियमित/रि-अपीयर परीक्षाओं में प्रदेशभर के 140 परीक्षा केंद्रों पर करीब 82 हजार 37 परीक्षार्थी और छात्र-अध्यापक शामिल होंगे।

26 प्रभावी उड़नदस्तों का गठन किया

उन्होंने बताया कि परीक्षाओं के सफल संचालन, गरिमा और पवित्रता बनाए रखने के लिए शिक्षा बोर्ड ने तैयारियां पूर्ण कर ली हैं। परीक्षाओं की शुचिता, विश्वसनीयता को बनाए रखने के लिए शिक्षा बोर्ड द्वारा परीक्षा केंद्रों के औचक निरीक्षण के लिए 26 प्रभावी उड़नदस्तों का गठन किया गया है। परीक्षाओं को शान्तिपूर्वक ढ़ंग से संपन्न करवाने और कानून व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्यों से सभी परीक्षा केन्द्रों पर धारा-163 भी लागू कर दी गई है।

प्रवेश पत्र को ए-4 साइज पेपर पर प्रिंट निकाले

उन्होंने बताया कि सभी पात्र परीक्षार्थियों को अनुक्रमांक जारी कर दिए गए हैं। परीक्षार्थी अपना रंगीन प्रवेश-पत्र ए-4 साइज पेपर पर ही प्रिन्ट करें और वही रंगीन फोटो प्रवेश-पत्र पर चिपकायें जो आवेदन फार्म भरते समय अपलोड किया गया था और उसे किसी राजकीय/अराजकीय मान्यता प्राप्त विद्यालय के प्राचार्य/मुख्याध्यापक या किसी राजपत्रित अधिकारी से सत्यापित करवाना सुनिश्चित करें।

प्रवेश-पत्र एवं मूल पहचान-पत्र (आधार कार्ड आदि) के बिना परीक्षा केंद्र में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी। सभी परीक्षार्थी अपने आधार कार्ड पर नवीनतम फोटो अपडेट करवाना सुनिश्चित करें।

30 मिनट पहले परीक्षा केंद्र पर पहुंचना होगा

परीक्षार्थी प्रवेश-पत्र पर दिए गए दिशा-निर्देंशों की पालना करते हुए परीक्षा आरंभ होने से 30 मिनट पूर्व परीक्षा केंद्र पर पहुंचना सुनिश्चित करें। प्रवेश-पत्र पर तिथि अनुसार परीक्षार्थी/छात्र-अध्यापक एवं पर्यवेक्षक के हस्ताक्षर होने अनिवार्य है। इसलिए परीक्षार्थी प्रवेश-पत्र को लेमिनेशन न करवाएं।

परीक्षा केंद्र में इलेक्ट्रॉनिक्स सामान जैसे मोबाइल, कैलकुलेटर, स्मार्ट वॉच आदि का प्रयोग वर्जित है। यदि कोई परीक्षार्थी/छात्र-अध्यापक नकल में संलिप्त पाया जाता है तो उसके विरूद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।