September 19, 2026
19 sep 9
  • खाटू श्याम जाने वाले श्रद्धालुओं को लाभ,  9 स्टेशनों पर ठहराव

हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : हरियाणा से बाबा खाटू श्याम के लिए रींगस जाने वाले यात्रियों के लिए रेलवे ने अतिरिक्त रेल सुविधा उपलब्ध कराई है। अतिरिक्त यात्री यातायात को देखते हुए रेवाड़ी-रींगस-रेवाड़ी के बीच अनारक्षित स्पेशल रेलसेवा संचालित की जाएगी।

यह ट्रेन 21 और 22 सितंबर 2026 को दोनों दिशाओं में चलेगी। इससे रेवाड़ी, नारनौल और आसपास के क्षेत्रों से रींगस जाने वाले यात्रियों को इन दो दिनों में अतिरिक्त रेल सुविधा मिल सकेगी।

रेवाड़ी से सुबह चलेगी

उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन के अनुसार, गाड़ी संख्या 09717 रेवाड़ी-रींगस अनारक्षित स्पेशल 21 और 22 सितंबर को रेवाड़ी से सुबह 10:30 बजे रवाना होगी और दोपहर 2 बजे रींगस पहुंचेगी। वापसी में गाड़ी संख्या 09718 रींगस-रेवाड़ी अनारक्षित स्पेशल इन्हीं दोनों दिनों में रींगस से दोपहर 2:55 बजे रवाना होकर शाम 6:40 बजे रेवाड़ी पहुंचेगी।

नारनौल समेत 9 स्टेशनों पर ठहरेगी

रेलवे ने यात्रियों की सुविधा के लिए स्पेशल ट्रेन का विभिन्न स्टेशनों पर ठहराव निर्धारित किया है। ट्रेन दोनों दिशाओं में कुंड, अटेली, नारनौल, निजामपुर, डाबला, मांवडा, नीमकाथाना, कावंट और श्रीमाधोपुर स्टेशनों पर रुकेगी। इससे इन स्टेशनों और आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को भी रींगस आने-जाने के लिए अतिरिक्त रेल सुविधा मिलेगी।

15 डिब्बों के साथ चलेगी ट्रेन

अतिरिक्त यात्री यातायात को देखते हुए स्पेशल ट्रेन में कुल 15 डिब्बे होंगे। इनमें 13 साधारण श्रेणी के डिब्बे और 2 गार्ड डिब्बे शामिल हैं। ट्रेन अनारक्षित होने के कारण यात्री सामान्य टिकट लेकर यात्रा कर सकेंगे। रेलवे की इस व्यवस्था से 21 और 22 सितंबर को बाबा खाटू श्याम के लिए रींगस जाने वाले यात्रियों को अतिरिक्त विकल्प मिलेगा।

खासकर नारनौल, रेवाड़ी, नीमकाथाना और श्रीमाधोपुर क्षेत्र के यात्रियों को इससे सुविधा होगी।