- नाबालिग होने का संदेह, बाहर से लगे थे ताले, कटर से काटे
हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : हरियाणा राज्य महिला आयोग की चेयरपर्सन उषा प्रियदर्शिनी और पुलिस टीम ने गुरुग्राम के सफायर मॉल में 18 स्पा सेंटरों पर रेड की। शुक्रवार रात 10 बजे से शनिवार अल सुबह 3 बजे तक चली इस रेड में 30 मसाज गर्ल और 20 युवकों को पकड़ लिया गया।
हैरानी की बात है कि कुछ स्पा सेंटर में बाहर से ताले लगे हुए मिले। इन तालों को कटर से काटकर पुलिस टीम अंदर पहुंची तो युवक-युवतियों को संदिग्ध हालत में पाया। केबिन के अंदर से शराब, सिगरेट और अन्य आपत्तिजनक वस्तुएं भी बरामद हुईं। पुलिस ने डस्टबिन तक खंगाले।
आयोग चेयरपर्सन ने बताया कि शुरुआती जांच में कुछ युवतियों ने बताया है कि उन्हें इस देह व्यापार में जबरन धकेला गया है। 3 से 4 लड़कियों के नाबालिग होने का भी संदेह है। पुलिस सभी लड़कियों की जानकारी जुटा रही है कि वे यहां कैसे पहुंची। स्पा सेंटर मालिकों का भी पता लगाया जा रहा है।
इस तरह चला आयोग चेयरपर्सन और पुलिस का जॉइंट ऑपरेशन…
- 20 इंस्पेक्टरों समेत 100 पुलिसकर्मियों की टीम बनाई: हरियाणा राज्य महिला आयोग की चेयरपर्सन उषा प्रियदर्शिनी ने बताया कि मॉल में काम करने वाले डॉक्टरों, महिला कर्मचारियों और दुकानदारों ने 1 महीने पहले सामूहिक शिकायत दर्ज कराई थी। तब से ही रेड की प्लानिंग की जा रही थी। एसीपी हेडक्टवार्टर अभिलक्ष जोशी की देखरेख में 20 इंस्पेक्टरों समेत 100 पुलिसकर्मी इस ऑपरेशन में शामिल रहे। यह प्रदेश की सबसे बड़ी फिजिकल इन्वेस्टिगेशन रही।
- गुरुग्राम के सफायर 90 मॉल में एकसाथ की गई रेड : चेयरपर्सन ने बताया कि रात दस बजे सफायर मॉल में एक साथ रेड डाली गई। पांच घंटे चली इस रेड में 30 मसाज गर्ल और 20 युवकों को पकड़ लिया गया। ये सभी संदिग्ध हालत में पाए गए। कुछ तो इधर-उधर भागते भी दिखे। मॉल के आधिकारिक मेमोरेंडम और नियमों के मुताबिक परिसर में स्पा सेंटर चलाने की अनुमति ही नहीं थी, इसके बावजूद धंधा जारी था।
- कुछ सेंटरों के बाहर, कुछ के अंदर से लॉक थे गेट : पुलिस की रेड में सामने आया कि कुछ स्पा सेंटरों को बाहर से तो कुछ को अंदर से लॉक किया गया था। किसी तरह इन दरवाजों को कटर से काटा गया, तब जाकर टीम अंदर पहुंची। केबिन के अंदर से शराब, सिगरेट और अन्य आपत्तिजनक वस्तुएं भी बरामद हुईं।
- नाबालिग लड़कियां होने का भी शक, बयान लिए: चेयरपर्सन का कहना है कि कुछ युवतियों ने बताया है कि उन्हें इस देह व्यापार में जबरन धकेला गया है। इसके बाद सभी लड़कियों को बस में बैठाकर थाने भेज दिया गया। 3 से 4 नाबालिग लड़कियां भी पाई गईं, जिनके आधिकारिक बयान दर्ज कर लिए गए हैं। उनके परिवार वालों से संपर्क किया गया है।
दम घुटने जैसे हालात थे, सभी सेंटर सीज किए जाएंगे
आयोग अध्यक्ष के अनुसार, कुछ स्पा सेंटरों के अंदर की हवा और माहौल बेहद खराब था। शराब से भरे ग्लास और बोतलें बरामद की गईं। भारी तादाद में सिगरेट के पैकेट और अन्य आपत्तिजनक सामग्री मौके से जब्त की गई। वहां 8-10 घंटे रहने पर किसी का भी दम घुट सकता था। नियमों का उल्लंघन कर चलाए जा रहे इन सभी 18 स्पा सेंटरों को पूरी तरह सीज किया जाएगा।
महिला आयोग अध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि पुलिस प्रशासन के साथ मिलकर प्रदेश भर में ऐसे अवैध और अनैतिक धंधों के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
मामले की जांच में जुटी पुलिस
एसीपी अभिलक्ष जोशी ने बताया कि एक साथ की गई इस रेड के दौरान 18 में से 8 स्पा सेंटरों में संदिग्ध गैर-कानूनी गतिविधियों के प्रथम दृष्टया सबूत मिले। महत्वपूर्ण इलेक्ट्रॉनिक, डिजिटल और दस्तावेजी सबूत जब्त किए गए हैं। पकड़ी गईं लड़कियां कहां की की रहने वाली हैं, यहां कैसे पहुंची, कितनी पेमेंट मिलती थी? जैसे सवालों को भी पता किया जा रहा है।
स्पा सेंटरों के मालिकों, संचालकों, मैनेजरों और मदद करने वालों की भूमिका का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है।