- BAMS छात्र बोले, इंटर्नशिप के दौरान 25 हजार रुपए प्रतिमाह हो
हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : हरियाणा के नारनौल में बाबा खेतानाथ आयुष कॉलेज के विद्यार्थियों ने स्टाइपेंड बढ़ाने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। विद्यार्थियों ने कहा कि करीब कई वर्षों से उनके स्टाइपेंड में कोई बढ़ोतरी नहीं हुई है, जबकि इस दौरान महंगाई कई गुना बढ़ गई है। छात्रों ने सरकार से इंटर्नशिप के दौरान मिलने वाले स्टाइपेंड को बढ़ाकर 25 हजार रुपए प्रतिमाह करने की मांग की।
प्रदर्शन कर रहे विद्यार्थियों राजन, दीपा, मनोज ने बताया कि ने बताया कि आयुष पाठ्यक्रम में साढ़े चार वर्ष की पढ़ाई के बाद एक वर्ष की अनिवार्य इंटर्नशिप करनी होती है। इस दौरान विद्यार्थी अस्पताल में मरीजों के उपचार समेत विभिन्न चिकित्सकीय कार्यों में जिम्मेदारी निभाते हैं। इसके बावजूद उन्हें मिलने वाला स्टाइपेंड वर्ष 2011 में तय राशि के स्तर पर ही है।
कमरे से लेकर भोजन तक का खर्च उठाना मुश्किल
छात्रों का कहना है कि कॉलेज में कई विद्यार्थी दूसरे शहरों और जिलों से पढ़ने के लिए आते हैं। उन्हें कमरे का किराया, भोजन, परिवहन और पढ़ाई से जुड़े अन्य खर्च भी उठाने पड़ते हैं। मौजूदा स्टाइपेंड इन खर्चों के मुकाबले काफी कम है। महंगाई बढ़ने के बावजूद स्टाइपेंड में बदलाव नहीं होने से विद्यार्थियों को आर्थिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
एमबीबीएस-बीडीएस इंटर्न का दिया उदाहरण
प्रदर्शनकारी विद्यार्थियों ने कहा कि एमबीबीएस और बीडीएस इंटर्न के स्टाइपेंड में बढ़ोतरी की जा चुकी है, जबकि आयुष विद्यार्थियों को अब भी पुरानी राशि मिल रही है। विद्यार्थियों ने सवाल उठाया कि जब वे भी इंटर्नशिप के दौरान अस्पताल में चिकित्सकीय जिम्मेदारियां निभाते हैं तो उनके स्टाइपेंड में भी उचित बढ़ोतरी होनी चाहिए।
जारी रहेगा आंदोलन
विद्यार्थियों ने सरकार से जल्द निर्णय लेने की मांग की। उन्होंने कहा कि वे किसी अतिरिक्त सुविधा की मांग नहीं कर रहे हैं, बल्कि ऐसा स्टाइपेंड चाहते हैं जिससे इंटर्नशिप के दौरान होने वाले जरूरी खर्च पूरे हो सकें। छात्रों ने कहा कि मांग पर गंभीरता से विचार नहीं हुआ तो वे लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन जारी रखेंगे।