September 10, 2026
10 sep 14
  • लिखा- पहली बार कंप्यूटर चलाया था

हरियाणा करनाल ब्रेकिंग न्यूज :  सोशल मीडिया पर इन दिनों 80 के दशक की यादों को ताजा करने वाला #VibingToThe80s और #80snostalgia ट्रेंड तेजी से वायरल हो रहा है। आम लोगों से लेकर कई बड़े नेता भी इस ट्रेंड का हिस्सा बन रहे हैं। अब हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने भी इस ट्रेंड को फॉलो करते हुए अपनी एक पुरानी तस्वीर सोशल मीडिया पर साझा की है।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के सोशल मीडिया अकाउंट पर साझा की गई तस्वीर में वे कंप्यूटर पर काम करते हुए दिखाई दे रहे हैं। तस्वीर में वह सफेद शर्ट पहने कंप्यूटर के सामने बैठे नजर आ रहे हैं। सामने उस दौर का बड़ा मॉनिटर, की-बोर्ड और माउस भी रखा हुआ है।

पहली बार कंप्यूटर चलाया था

पुरानी तस्वीर के साथ मुख्यमंत्री ने भावुक होकर हरियाणवी अंदाज में अपनी पुरानी यादों को साझा किया। उन्होंने लिखा— “याद पुरानी सै, मेहनत की कहानी से…पहली बार कंप्यूटर चलाया था, अर दिल म्ह बड़ा सपना सजाया था।”

इसके बाद मुख्यमंत्री ने उन लोगों को भी याद किया, जिन्होंने उनके संघर्ष के दौर में उनका साथ दिया। उन्होंने लिखा— “वो वक्त पुराना आज भी याद करूं सूं, थमनै जो प्यार अर आशीर्वाद दिया, उसका दिल तै धन्यवाद करूं सूं।”

इस पोस्ट के साथ मुख्यमंत्री ने #VibingToThe80s और #80snostalgia हैशटैग भी लगाए हैं। यानी उन्होंने महज पुरानी तस्वीर साझा नहीं की, बल्कि उसे मौजूदा सोशल मीडिया के वायरल 80s ट्रेंड से भी जोड़ दिया।

पुरानी तस्वीर में दिखी संघर्ष की झलक

मुख्यमंत्री की इस पोस्ट में खास बात यह है कि तस्वीर किसी राजनीतिक कार्यक्रम की नहीं, बल्कि उनके शुरुआती दौर की दिखाई गई है। सीएम के मीडिया कोऑर्डिनेटर तुषार सैनी ने बताया कि यह फोटो 1996 की है। उस समय नरेंद्र मोदी हरियाणा भाजपा प्रभारी हुआ करते थे।

उन्होंने उस समय भाजपा कार्यालय में एक कंप्यूटर भिजवाया था, जिस पर नायब सिंह सैनी काम किया करते थे। तुषार ने बताया कि नायब सिंह सैनी के राजनीतिक सफर में शुरुआती दौर से संगठन के साथ काम करने और जमीनी स्तर पर सक्रिय रहने की भूमिका रही है।उन्होंने भाजपा के अंबाला कार्यालय में कंप्यूटर ऑपरेटर के तौर पर भी काम किया था।

नेताओं में भी छाया 80s का ट्रेंड

दरअसल, पिछले कुछ दिनों से सोशल मीडिया पर 1980s से प्रेरित तस्वीरों का ट्रेंड तेजी से वायरल हुआ है। लोग अपनी मौजूदा तस्वीरों को AI की मदद से 80 के दशक के लुक में बदल रहे हैं। इसी ट्रेंड में कई राजनेताओं ने भी हिस्सा लिया है।

केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल, किरेन रिजिजू, चिराग पासवान, असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा, भाजपा सांसद रवि किशन और कांग्रेस सांसद शशि थरूर समेत कई नेता पुरानी तस्वीरों के साथ सोशल मीडिया पर इस ट्रेंड को फॉलो करते नजर आए हैं।

हालांकि नायब सैनी की पोस्ट में खास बात यह है कि उन्होंने AI से बनाई गई कोई नई तस्वीर साझा करने के बजाय अपनी असली पुरानी तस्वीर के जरिए वास्तविक बीते दौर की यादें ताजा की हैं। मुख्यमंत्री की पोस्ट पर सोशल मीडिया यूजर्स की प्रतिक्रियाएं भी आ रही हैं।