September 10, 2026
10 sep 13
  • CM बोले-अब तक ₹2 हजार करोड़ बहू-बेटियों के अकाउंट में भेजे

हरियाणा करनाल ब्रेकिंग न्यूज :  हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बुधवार को विभिन्न सरकारी योजनाओं के तहत प्रदेश के 35.06 लाख पात्र लाभार्थियों के बैंक खातों में 1129.05 करोड़ रुपए की राशि DBT के जरिए ट्रांसफर की। इसके बाद मुख्यमंत्री ने प्रेस वार्ता कर इसकी जानकारी दी।

मुख्यमंत्री ने बताया कि दीनदयाल लाडो लक्ष्मी योजना की 11वीं किस्त जारी कर दी गई है। इसके तहत 10 लाख 10 हजार लाभार्थी बहनों-बेटियों के खातों में 212 करोड़ 16 लाख रुपए डाले गए हैं। अब तक योजना की 11 किस्तों में 2,254 करोड़ 47 लाख रुपए की राशि लाभार्थियों को दी जा चुकी है।

उद्योगों के लिए 20 लाभपात्रों को 153.45 करोड़ रुपए और हर घर गृहिणी योजना के लिए 5 लाख लाभार्थियों को 19.68 करोड़ रुपए की राशि जारी की गई है। इसके अलावा भावांतर भरपाई योजना के तहत 49.89 करोड़, दयालु स्कीम में 4520 लाभार्थियों के खाते में 168.13 करोड़ ट्रांसफर किए गए हैं।

पढ़िए सीएम सैनी की बड़ी बातें…

4,520 परिवारों को दयालु योजना में ₹168 करोड़ दिए

सीएम ने बताया कि दयालु योजना के तहत 4520 परिवारों को ₹168 करोड़ 13 लाख 21 हजार की सहायता राशि दी गई। इसमें दयालु योजना-2 के 70 परिवार भी शामिल हैं। बता दें कि दीन दयाल उपाध्याय अंत्योदय परिवार सुरक्षा योजना (DAYALU) योजना परिवार के कमाने वाले सदस्य की मृत्यु या स्थायी दिव्यांगता होने पर आर्थिक मदद देने के लिए है।

उद्योगों के 670 लाभार्थियों को ₹311 करोड़

उद्योग एवं वाणिज्य विभाग की विभिन्न योजनाओं के तहत 670 लाभार्थियों को ₹311.25 करोड़ की प्रोत्साहन राशि जारी की गई। उद्यम एवं रोजगार नीति, प्लग एंड प्ले, टेक्सटाइल समेत दूसरे उद्योगों के लिए जारी योजनाओं के तहत ये राशि दी गई।

6,177 किसानों को भावांतर के ₹49.89 करोड़

भावांतर भरपाई योजना के तहत 6,177 किसानों को ₹49 करोड़ 89 लाख दिए गए। इसमें आलू के 6,012, फूलगोभी के 99 और शहद के 66 किसान शामिल हैं। इस योजना के तहत अगर किसान की तय फसल सरकार द्वारा निर्धारित संरक्षित मूल्य से कम भाव पर बिकती है, तो सरकार दोनों कीमतों के बीच का अंतर किसान को देती है।

5 लाख महिलाओं को गैस सब्सिडी

हर घर-हर गृहिणी योजना के तहत 5 लाख महिलाओं के खातों में जुलाई की ₹19 करोड़ 68 लाख सब्सिडी डाली गई। योजना में पात्र महिलाओं को हर महीने ₹500 में गैस सिलेंडर दिया जाता है।