- 15 से सरकारी खरीदारी की मांग, नमी और गन्ने-दूध के रेट पर भी चर्चा
हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : कुरुक्षेत्र जिले के पिहोवा में धान (जीरी) की सरकारी खरीद शुरू कराने और किसानों से जुड़े दूसरे मुद्दों को लेकर आज अनाज मंडी में राज्य स्तरीय किसान महापंचायत होगी। इसमें प्रदेशभर से किसान प्रतिनिधियों के साथ 10 किसान संगठन शामिल होंगे। महापंचायत में अपनी मांग को मनवाने के लिए रणनीति तय की जाएगी।
किसान संगठनों की सबसे बड़ी मांग है कि 15 सितंबर से धान की सरकारी खरीद शुरू की जाए। इसे लेकर किसान संगठनों ने पिछले सप्ताह सीएम के नाम DC को मांगपत्र दिया था। साथ ही 15 सितंबर से खरीद शुरू नहीं होने पर GT रोड और DC कार्यालयों के बाहर धान गिराकर प्रदर्शन करने की चेतावनी दी थी।
आज महापंचायत में होगा मंथन
भारतीय किसान यूनियन शहीद भगत सिंह के प्रधान संजू नंबरदार ने बताया कि महापंचायत में किसानों से जुड़े सभी प्रमुख मुद्दों पर चर्चा की जाएगी। इसमें धान की खरीद की तारीख और खरीद में नमी की सीमा मुख्य मुद्दा रहेगा। साथ ही धान खरीद के लिए नमी की सीमा 17 प्रतिशत से बढ़ाकर 20 प्रतिशत की जाए।
गन्ने और दूध के रेट का भी मुद्दा
महापंचायत में गन्ने के रेट को लेकर भी सरकार पर दबाव बनाने की रणनीति तैयार होगी। किसान संगठनों का कहना है कि चीनी के दाम बढ़ने के बाद गन्ना उत्पादक किसानों को भी इसका फायदा मिलना चाहिए। गन्ने का उचित रेट बढ़ाने की मांग की जाएगी। इसके अलावा दूध के रेट को लेकर भी किसान संगठन अपनी मांग रखेंगे।
MSP की कानूनी गारंटी की मांग
महापंचायत में सभी फसलों पर MSP की कानूनी गारंटी का मुद्दा भी उठेगा। किसान संगठन लंबे समय से फसलों का उचित और तय दाम मिलने की मांग कर रहे हैं। आज की महापंचायत में इन सभी मुद्दों पर चर्चा के बाद सरकार को लेकर अगला कदम तय किया जाएगा। अगर मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई तो किसान संगठन आंदोलन की रणनीति बनाएंगे।