- मतदाता सूची में जांचे नाम-विवरण
हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : भिवानी के डीसी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी साहिल गुप्ता ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग ने हरियाणा में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान की तारीखों में फिर से बदलाव किया है। उन्होंने बताया कि संशोधित कार्यक्रम के अनुसार दावे एवं आपत्तियां 31 जुलाई से 30 सितंबर 2026 तक दाखिल की जा सकेंगी।
इसके साथ ही दावे एवं आपत्तियों का निपटारा 31 जुलाई से 28 अक्टूबर तक करना होगा। संशोधित कार्यक्रम के तहत मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन अब 6 नवंबर को होगा।
उन्होंने बताया कि मतदाताओं के हितों का ध्यान रखते हुए चुनाव आयोग ने तारीखों में बदलाव किया है। इससे उन पात्र नागरिकों को राहत मिलेगी जो किसी कारणवश निर्धारित अवधि में मतदाता सूची से संबंधित दावा या आपत्ति दर्ज नहीं करा सके हैं। प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल करने और सूची में दर्ज मतदाताओं के विवरण को त्रुटिरहित बनाने के उद्देश्य से आयोग के दिशा निर्देश अनुसार कार्य किया जा रहा है।
सूची में अपना नाम और विवरण अवश्य जांचे
उन्होंने कहा कि यदि किसी पात्र व्यक्ति का नाम मतदाता सूची में शामिल नहीं है, तो फॉर्म-6 के माध्यम से नाम शामिल करवाने के लिए आवश्यक दस्तावेजों तथा घोषणा-पत्र सहित दावा प्रस्तुत किया जा सकता है। जिला के सभी नागरिकों से अपील है कि वे मतदाता सूची में अपना नाम और विवरण अवश्य जांच लें। किसी प्रकार की गलती होने पर निर्धारित अवधि में दावा या आपत्ति दर्ज करवाएं।
किसी भी प्रकार की जानकारी अथवा सहायता के लिए नागरिक अपने बीएलओ, इआरओ, एईआरओ से संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा ईसीआईनेट एप पर बुक ए काल सुविधा अथवा मतदाता हेल्पलाइन 1950 के माध्यम से भी जानकारी प्राप्त की जा सकती है।