August 24, 2026
24 aug 19
  • सोनीपत में स्कूटी धीरे चलाने की टोकने पर विवाद, BJP जिलाध्यक्ष की युवकों से कहासुनी

हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : हरियाणा के सोनीपत में रविवार देर रात एक ढाबा संचालक की सीने में गोली मारकर हत्या कर दी गई। विवाद स्पीड में स्कूटी चला रहे युवक को टोकने पर हुआ। गोली लगने से घायल ढाबा संचालक को नरेला स्थित अस्पताल में ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

सोमवार सुबह ढाबा संचालक के परिजनों ने आरोपी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर जीटी रोड (NH-44) पर कुंडली-सिंघु बॉर्डर के पास जाम लगा दिया। परिवार एम्बुलेंस में शव लेकर हाईवे पर पहुंचा। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई। ACP ऋषिकांत के समझाने पर परिवार मान गया और आधे घंटे बाद जाम खोल दिया।

इससे पहले, प्रदर्शन कर रहे युवकों की भाजपा जिला अध्यक्ष अशोक भारद्वाज के साथ कहासुनी हुई। इसका वीडियो भी सामने आया। जिसमें अशोक भारद्वाज युवकों को यह कहते हुए सुनाई दे रहे हैं कि, “तुझे पता है मैं किसके साथ खड़ा हूं।” इसके बाद दोनों पक्षों के बीच तनातनी का माहौल बन गया। पुलिसकर्मियों ने बीच बचाव किया।

10 साल से ढाबा चला रहे थे नरेंद्र

नरेंद्र खत्री (33) कुंडली के रहने वाले थे और पिछले करीब 10 साल से प्याऊ मनिहारी में मित्रां दा ढाबा चला रहे थे। करीब 6 साल पहले उनकी शादी हुई थी। परिवार में पत्नी के अलावा दो छोटे बेटे हैं, जिनकी उम्र करीब 2 और 4 साल है। नरेंद्र और उनका भाई ढाबा चलाते थे, जबकि उनके पिता मकान बनाने का ठेका लेते हैं। नरेंद्र के ढाबे से करीब आधा किलोमीटर दूर उमाशंकर कॉलोनी में उनका पानी का प्लांट है। प्लांट के साथ किराए के कमरे भी बने हुए हैं, जिनकी देखरेख निखिल करता है।

स्कूटी तेज चलाने पर हुआ विवाद

परिजनों के मुताबिक, रविवार रात प्लांट के पास करीब 20-22 युवक बैठे थे और शराब पी रहे थे। इसी दौरान अमन यादव तेज रफ्तार से स्कूटी चलाते हुए वहां पहुंचा। निखिल ने उसे स्कूटी धीरे चलाने के लिए कहा। इसी बात को लेकर अमन और निखिल के बीच कहासुनी हो गई। आरोप है कि अमन और उसके साथ मौजूद युवकों ने गाली-गलौज शुरू कर दी। विवाद बढ़ने पर दोनों पक्षों के बीच हाथापाई की नौबत आ गई।

समझाने पहुंचे नरेंद्र, छाती में मारी गोली

विवाद की जानकारी मिलने पर नरेंद्र प्लांट पर पहुंचे और दोनों पक्षों को समझाकर मामला शांत कराने का प्रयास किया। परिजनों का आरोप है कि इस दौरान अमन यादव ने नरेंद्र के साथ भी गाली-गलौज की। विवाद बढ़ने पर अमन ने पिस्तौल निकालकर नरेंद्र के सीने में गोली मार दी। गोली लगते ही नरेंद्र गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर गए। नरेंद्र को नरेला के अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

आरोपी मौके से फरार, पुलिस तलाश में जुटी

परिजनों के अनुसार, अमन यादव पेपर मिल कॉलोनी का रहने वाला है। गोली चलाने के बाद वह मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर कुंडली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम कराया। पुलिस का कहना है कि आरोपी की तलाश की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

परिवार का आरोप- आरोपी पर पहले भी गोली चलाने का केस

नरेंद्र के परिवार के मुताबिक, आरोपी अमन यादव आपराधिक प्रवृत्ति का है। आरोप है कि उसने पहले भी एक युवक के पैर में गोली मारी थी और उसके खिलाफ कई मामले दर्ज हैं। परिवार ने पुलिस से आरोपी को तत्काल गिरफ्तार करने की मांग की है। साथ ही उसकी पूरी संपत्ति पर बुलडोजर चलाने की मांग की है।

DCP बोलीं- आरोपी की गिरफ्तारी के लिए सभी टीमें लगीं

DCP मेधा भूषण ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी। सोमवार सुबह मृतक का पोस्टमॉर्टम कराया गया। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए क्राइम यूनिट और सोनीपत पुलिस की सभी टीमें लगी हुई हैं। आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। परिवार को पुलिस की ओर से कार्रवाई का आश्वासन दिया गया, जिसके बाद उन्होंने जाम खोल दिया।