- पड़ोसियों ने जलती देखी लाईट, गेट-अलमारी के तोड़े ताले
हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : करनाल के बसंत विहार में एक परिवार के जागरण में जाने के बाद चोरों ने घर का ताला तोड़कर लाखों रुपए के सोने-चांदी के जेवर और नकदी चोरी कर ली। परिवार नीलोखेड़ी के पास गांव में आयोजित जागरण में गया था। सुबह पड़ोसियों ने घर का मेन गेट खुला और अंदर लाइटें जलती देखीं, तो परिवार व पुलिस को सूचना दी।
परिवार सुबह जब घर पहुंचा, तो उन्होंने कमरे और अलमारी के ताले टूटे मिले तथा सामान बिखरा पड़ा था। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है।
मेन गेट से कमरे और अलमारी तक के ताले तोड़े
करनाल के बसंत विहार निवासी उषा देवी पत्नी मामन ने सदर थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह कल अपने बेटे और बेटी के साथ परिवार में आयोजित जागरण में गई थीं। सुबह पड़ोसियों ने फोन कर बताया कि उनके घर का मेन गेट खुला हुआ है और अंदर की लाइटें जल रही हैं।
सूचना मिलने के बाद परिवार घर पहुंचा तो मेन गेट का ताला टूटा मिला। इसके बाद अंदर के कमरे का ताला तोड़कर चोरों ने अलमारी का लॉक भी तोड़ दिया था।
लाखों के गहने व नकदी गायब
उषा देवी के अनुसार अलमारी में रखे सोने-चांदी के जेवर और करीब 55 हजार रुपए चोरी हुए हैं।
शुरुआती जांच में एक गले का सेट करीब 4 तोले, आधा तोले के टॉप्स, 2 तोले के कानों के जेवर, चांदी की अंगूठी, एक तोले के झुमके, 4 जोड़ी चांदी की पायल, 20 चांदी के सिक्के, एक तोले की नथ, 2 तोले की किटी, 10 जोड़ी पायल, आधा तोले की सोने की चेन, एक तोले का झुमका, चांदी के बर्तन और चांदी की दो चेन चोरी होने की बात सामने आई है।
इनमें एक चेन पर नाम भी लिखा हुआ था। उषा देवी ने कुल नुकसान करीब 9 लाख 55 हजार रुपए बताया है।
सीसीटीवी में बाइक से पहुंचे दो युवक दिखे
परिवार ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी, तो रात करीब 2:15 बजे दो युवक मोटरसाइकिल पर आते दिखाई दिए। एक युवक बाइक के पास खड़ा रहा, जबकि दूसरा घर के अंदर गया और चोरी की। वारदात के बाद दोनों मोटरसाइकिल से फरार हो गए।
पुलिस कार्रवाई के तहत उषा देवी की शिकायत के आधार पर अज्ञात दो युवकों के खिलाफ थाना सदर करनाल में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।