August 20, 2026
20 aug 5
  • डिमॉलिश की जाएंगी खस्ताहाल बिल्डिंग

हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज :  भिवानी के जर्जर स्कूल भवनों में अब विद्यार्थियों को जान जोखिम में डालकर पढ़ाई नहीं करनी पड़ेगी। मुख्यमंत्री के आदेशों के बाद प्रशासन ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि बच्चों को किसी भी जर्जर भवन में न बैठाया जाए। जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) ने खंड शिक्षा अधिकारियों (BEO) को ऐसे भवनों को डिमॉलिश करवाने के निर्देश दिए हैं, ताकि बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।

वहीं, कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के लीडर अभिजीत दीपके ने 15 अगस्त से ‘स्कूल ठीक करो’ अभियान शुरू किया था। इस अभियान के बाद प्रशासन ने जर्जर स्कूल भवनों को लेकर सख्ती दिखाई है और इनमें विद्यार्थियों को न बैठाने के आदेश जारी किए हैं। एडीसी दीपक बाबूलाल कारवा ने जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) को पत्र लिखा। जिसमें कहा कि स्कूल में बच्चों को जर्जर भवन में न बैठाया जाए। जिसमें निर्देश दिया गया है कि मुख्यमंत्री के आदेशानुसार स्कूलों में विद्यार्थियों को जर्जर इमारत में नहीं पढ़ाना है। इसलिए निर्देश दिए जाते हैं कि कोई भी विद्यार्थी जर्जर इमारत में नहीं पढ़े। यह सुनिश्चित किया जाए।

डीईओ ने बीईओ को दिए निर्देश

जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) निर्मल दहिया ने कहा कि जर्जर भवन में विद्यार्थियों को पढ़ाया ना जाए इसके लिए संबंधित सभी को निर्देशित किया गया है। इसके अलावा सभी BEO को निर्देश दिए गए हैं कि वे पता करें कि उनके एरिया में कितने भवन कंडम और जर्जर घोषित हैं।

इसके साथ ही उन जर्जर भवनों को डिमॉलिश (उस जर्जर भवन को तुड़वाया जाए) किया जाए। ताकि विद्यार्थियों की जान को किसी भी प्रकार का खतरा न हो। साथ ही जर्जर भवन में कोई भी बच्चा पढ़ाई न करे।

गांव ढाणा जोगी के स्कूल के भवन की हालत खराब

गांव ढाणा जोगी के ग्रामीण नरेश, उमेद, जयपाल, सुरेश, सुरेंद्र, प्रेम, नरेंद्र, मनीराम और बलबीर समेत अन्य ने कहा कि राजकीय प्राथमिक पाठशाला का एक कमरा और बरामदा पूरी तरह से जर्जर हो चुका है। स्कूल की छतों में गहरी दरारें, सरियों में जंग, दीवारों से प्लास्टर उखड़ना और बारिश में पानी टपकना आम बात हो गई है।

भवन कभी भी गिर सकता है और बड़ा हादसा हो सकता है। ग्रामवासियों ने आरोप लगाया कि स्कूल की जर्जर हालत को लेकर उच्च अधिकारियों और सरकार को कई बार लिखित में शिकायत और मांग पत्र सौंपे जा चुके हैं, लेकिन ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इसे ठीक करवाया जाए।

टीचर बोले- विभाग को दे रखी जानकारी

हेड टीचर राजेश सांगवान ने कहा कि हमने पिछले साल भी विभाग को लिखित में देकर इसकी मरम्त करवाने की बात कही थी। इस बार भी शिक्षा विभाग को शिकायत दे रखी है। जेई रणजीत सिंह ने कहा कि रिपेयरिंग के लिए टेंडर होना बाकी है। जो हेड ऑफिस से होता है। संभावना है कि अगले महीने तक टेंडर हो जाएंगे और इसकी रिपेयरिंग की जाएगी।