August 19, 2026
19 aug 1
  • पंचकूला में उफान पर घग्गर नदी पुल टूटकर बहा, हवाओं ने पकड़ी रफ्तार

हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज :  उत्तर भारत में बने नए मानसूनी तंत्र और उत्तरी हरियाणा पर बन रहे साइक्लोनिक सर्कुलेशन के चलते प्रदेश में मानसूनी हवाएं एक बार फिर से जोर पकड़ रही हैं। भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार आज मानसूनी सक्रियता बढ़ने से प्रदेश के अधिकांश इलाकों में बादल छाए रहेंगे।

इसके अलावा कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। वहीं एक दिन पहले मंगलवार को पंचकूला और इससे लगते इलाकों में भारी बरसात के बाद घग्गर समेत दूसरे नदी-नालों का जलस्तर बढ़ गया। घग्गर में आए पानी के कारण नाडा साहिब गुरुद्वारा के पास पुलिस ट्रेनिंग कैंप का पुल बह गया।

श्यामटू की नदी में एक किसान भी फंस गया, जिसे लोगों ने रस्सी के सहारे निकाला। पंचकूला के सेक्टर-17 की राजीव कॉलोनी के पास बरसाती नाले में 2 युवक बह गए। मौके पर पहुंची NDRF टीम ने इनमें से एक युवक को बचा लिया।

19 अगस्त को इन-इन इलाकों में हो सकती है बारिश

मौसम विभाग के अनुसार आज पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, कैथल, करनाल, पानीपत, सोनीपत, रोहतक, झज्जर, गुरुग्राम, फरीदाबाद, नूंह, पलवल, रेवाड़ी और महेंद्रगढ़ में 50 से 75 प्रतिशत स्थानों पर हल्की से मध्यम बरिश हो सकती है।

वहीं पश्चिमी जिले सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, जींद, भिवानी और चरखी दादरी में कुछ स्थानों 25 से 50 प्रतिशत हिस्से पर पर बारिश की गतिविधियां देखने को मिलेंगी।

हिसार 36.8°C के साथ सबसे गर्म

 प्रदेश का औसतन अधिकतम तापमान कल की तुलना में 0.2°C कम दर्ज हुआ और यह सामान्य के करीब रहा। प्रदेश में सबसे अधिक तापमान हिसार में 36.8°C दर्ज किया गया। इसके अलावा नारनौल में 36.0°C, रोहतक व भिवानी में 35.9°C, पलवल व फरीदाबाद में 35.8°C और सिरसा में 35.5°C दर्ज हुआ।

दूसरी ओर, बारिश के कारण यमुनानगर 31.1°C और कुरुक्षेत्र 32.6°C पारा रहा।

यमुनानगर में रात सबसे ठंडी 

प्रदेश का औसतन न्यूनतम तापमान सामान्य के आसपास ही बना रहा। राज्य में सबसे कम न्यूनतम तापमान यमुनानगर में 23.8°C दर्ज किया गया। इसके अलावा भिवानी में 24.5°C, पंचकूला में 24.8°C और गुरुग्राम में 25.1°C तापमान रहा। इसके विपरीत नूंह 28.1°C और सिरसा 28.1°C में रातें सबसे गर्म रहीं।

पिछले 24 घंटों में पंचकूला में 67.0 MM और यमुनानगर हथनीकुंड में 53.0 MM भारी बारिश दर्ज की गई।