- युवक का गला कटने के बाद सख्ती, पुलिस और सीएम फ्लाइंग की रेड
हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : फरीदाबाद में चाइनीज मांजे से रविवार को युवक का गला कटने के बाद प्रशासन हरकत में आया है। स्थानीय पुलिस और सीएम फ्लाइंग की टीम ने पर्वतीय चौकी क्षेत्र में छापेमारी कर मांझे के कुल 10 बड़े बंडल बरामद किए है। पुलिस ने मौके से इसको बेचने वाले 2 दुकानदारों को भी गिरफ्तार किया है। आरोप है कि दोनों दुकानदार प्रतिबंधित मांझे को चोरी-छिपे बेचने का काम कर रहे थे।
जानकारी के अनुसार, पुलिस और सीएम फ्लाइंग की टीम को सूचना मिली थी कि भड़ाना चौक और केडी पब्लिक स्कूल के पास प्रतिबंधित चाइनीज मांझे की बिक्री हो रही हैं। सूचना के बाद टीम ने मौके पर पहुंचकर दुकानों की जांच शुरू की। जांच के दौरान नगला रोड स्थित केडी पब्लिक स्कूल के पास योगेश की दुकान से एक पेटी में रखे चाइनीज मांझे के चार बड़े बंडल बरामद किए गए।
हाल में युवक का कटा था गला
यह मांझा आम पतंग की डोर की तुलना में बेहद खतरनाक माना जाता है। इससे राहगीरों, दोपहिया वाहन चालकों और पक्षियों के घायल होने का खतरा बना रहता है। हाल में ही बीते रविवार को एक युवक की मांझे की चपेट में आने से गर्दन कट गई थी जिसका अभी भी एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है।
केस दर्ज कर जांच कर रही पुलिस
सीएम फ्लाइंग की टीम ने दोनों दुकानदारों के पास से बरामद चाइनीज मांझे को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई के लिए सारन थाना पुलिस को जानकारी दी है। सारन थाना पुलिस के द्वारा दोनों दुकानदारों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
पर्वतीय पुलिस चौकी इंचार्ज महेश कुमार का कहना है कि प्रतिबंधित मांझे की बिक्री या इस्तेमाल करने वालों के खिलाफ नियमों के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।