- 270 पुलिसकर्मियों की तैनाती, संदिग्ध गतिविधियों पर नजर
हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : हिसार में इस बार स्वतंत्रता दिवस पर सांसद नवीन जिंदल ध्वज फहराएंगे। वह अपने गृहक्षेत्र में तिरंगा फहराने को लेकर काफी उत्साहित हैं। नवीन जिंदल हिसार में ही पढ़े लिखे हैं और जन्म भी यही हुआ है। जिंदल समर्थकों में इससे उत्साह है।
समारोह स्थल एवं आसपास के क्षेत्रों में 270 पुलिस कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। सुरक्षा व्यवस्था के तहत समारोह स्थल पर चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल तैनात रहेगा तथा सिविल ड्रेस में भी पुलिस कर्मचारी लगातार निगरानी रखेंगे।
प्रवेश से पहले सुरक्षा जांच एवं फ्रिस्किंग
समारोह स्थल के प्रवेश एवं निकास द्वार, पार्किंग स्थल, वीआईपी क्षेत्र, मंच के आसपास तथा अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा। संदिग्ध व्यक्तियों एवं वस्तुओं पर विशेष नजर रखी जाएगी। समारोह स्थल में प्रवेश से पहले सुरक्षा जांच एवं फ्रिस्किंग की जाएगी। पुलिस कर्मचारियों को निर्देश दिए गए हैं कि किसी भी संदिग्ध वस्तु अथवा व्यक्ति की सूचना मिलने पर तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को सूचित कर आवश्यक कार्रवाई करें।
समारोह को लेकर पुलिस की तैयारियां…
सिविल कपड़ों में भी रहेगी पुलिस की निगरानी : सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए सिविल कपड़ों में पुलिस कर्मचारी भी समारोह स्थल एवं आसपास के क्षेत्र में तैनात रहेंगे। पुलिस द्वारा संदिग्ध गतिविधियों, असामाजिक तत्वों और भीड़ में कानून-व्यवस्था प्रभावित करने का प्रयास करने वालों पर विशेष नजर रखी जाएगी।
यातायात व्यवस्था पर विशेष फोकस : स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान यातायात को सुचारू बनाए रखने के लिए ट्रैफिक पुलिस द्वारा विशेष व्यवस्था की गई है। समारोह स्थल के आसपास रूट डायवर्जन, पार्किंग, वाहनों की आवाजाही एवं ट्रैफिक नियंत्रण के लिए पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। आमजन से अपील है कि पुलिस द्वारा निर्धारित पार्किंग स्थानों का ही प्रयोग करें तथा यातायात व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें।
बम डिस्पोजल एवं डॉग स्क्वायड से होगी जांच : समारोह स्थल एवं आसपास के महत्वपूर्ण स्थानों की एंटी-सबोटाज चेकिंग करवाई जाएगी। बम डिस्पोजल टीम एवं डॉग स्क्वायड द्वारा आवश्यकतानुसार परिसर, पार्किंग एवं अन्य संवेदनशील स्थानों की जांच की जाएगी। किसी भी लावारिस वस्तु को स्वयं न छूने तथा तत्काल पुलिस को सूचना देने के निर्देश दिए गए हैं।
ड्रोन एवं संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष निगरानी : समारोह के दौरान ड्रोन अथवा अन्य संदिग्ध गतिविधियों पर भी पुलिस की विशेष नजर रहेगी। बिना अनुमति ड्रोन उड़ाने की स्थिति में नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। पुलिस द्वारा आसपास की ऊंची इमारतों एवं महत्वपूर्ण स्थानों से भी निगरानी रखी जाएगी।
वीआईपी सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था : समारोह स्थल पर वीआईपी के लिए राजकीय कॉलेज, राजगढ़ रोड के मुख्य प्रवेश द्वार से एंट्री होगी। वहीं, अन्य सभी आमंत्रित अतिथियों, मीडिया कर्मियों एवं कार्यक्रम में शामिल होने वाले लोगों के लिए पंचायत भवन की तरफ स्थित राजकीय कॉलेज के गेट को प्रवेश के लिए निर्धारित किया गया है।
लंबे समय से जिंदल परिवार सक्रिय
जिंदल परिवार ने लंबे समय तक कांग्रेस में रहकर राजनीति की है। नवीन जिंदल के पिता ओमप्रकाश जिंदल 1991 में हिसार से विधायक बने थे। इसके बाद कुरुक्षेत्र से सांसद चुने गए। 2004 में ओपी जिंदल ने कुरुक्षेत्र से नवीन जिंदल को चुनाव लड़वाया और खुद हिसार से इसी साल विधानसभा चुनाव लड़ा। दोनों सीटें जिंदल परिवार ने जीतीं।
प्रदेश में पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा के नेतृत्व वाली सरकार में ओपी जिंदल को उर्जा मंत्री बनाया गया। मंत्री बनने के एक महीने बाद ही 31 मार्च 2005 को ओपी जिंदल की हेलिकॉप्टर क्रैश होने की वजह से मौत हो गई थी। इसके बाद 2005 में हिसार सीट पर उपचुनाव हुआ और यहां से कांग्रेस ने ओपी जिंदल की पत्नी सावित्री जिंदल को चुनाव लड़ाया और वह जीत भी गईं।
वर्ष 2009 के लोकसभा चुनाव में कुरुक्षेत्र से नवीन जिंदल फिर से कांग्रेस की टिकट पर सांसद बने और सावित्री जिंदल हिसार सीट से विधायक चुनी गईं। दूसरे टर्म में पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने अपने मंत्रिमंडल में सावित्री जिंदल को शामिल किया।