- औसत तापमान 4.2°C बढ़ा, गुरुग्राम सबसे गर्म रहा
हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : हरियाणा में मानसून एक बार फिर रफ्तार पकड़ने के लिए तैयार है। चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय (HAU), हिसार के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार आज रात से राज्य में मानसूनी हवाओं की सक्रियता बढ़ेगी, जिससे 15 अगस्त तक प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में गर्जना और हवाओं के साथ बारिश होगी।
मौसम विभाग के अध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ ने बताया कि मानसून टर्फ की अक्षय रेखा की उत्तरी सीमा बीकानेर, सतना, डालटागंज से होती हुई उत्तर-पूर्वी बंगाल की खाड़ी तक बनी हुई है। आज इसके ऊपर की तरफ खिसकने और राजस्थान के ऊपर एक चक्रवातीय परिसंचरण बनने से हरियाणा में मानसूनी गतिविधियां बढ़ेंगी।
इससे आज रात से 15 अगस्त के दौरान प्रदेश में हवाओं और गरज-चमक के साथ अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होगी। वहीं, कुछ इलाकों में तेज बारिश का भी अनुमान है। इस दौरान बादल छाए रहने से दिन के तापमान में हल्की गिरावट आएगी, जबकि रात का तापमान थोड़ा बढ़ सकता है।
अधिकतम तापमान 4.2°C तक बढ़ा : हरियाणा में बीते दिन औसत अधिकतम तापमान में 4.2°C की बढ़ोतरी दर्ज की गई। मौसम केंद्र चंडीगढ़ के अनुसार राज्य में सबसे अधिक तापमान गुरुग्राम (नॉर्थकैप यूनिवर्सिटी AWS) में 37.1°C रहा। प्रमुख शहरों में चंडीगढ़ का पारा 36.4°C, अंबाला में 36.2°C, हिसार व रोहतक में 35.4°C और करनाल में 34.5°C दर्ज किया गया। दिन में खिली तेज धूप के कारण तापमान बढ़ा। हालांकि आज रात से शुरू हो रही बारिश और बादलों की मौजूदगी से आगामी दिनों में दिन के पारे में गिरावट देखने को मिलेगी।
रात के तापमान में मामूली गिरावट : प्रदेश में रात का तापमान सामान्य के आसपास बना हुआ है। बीते 24 घंटों में औसत न्यूनतम तापमान में 0.1°C की मामूली गिरावट हुई। राज्य में सबसे कम न्यूनतम तापमान गुरुग्राम में 22.0°C दर्ज किया गया, जो सामान्य से 4.3°C कम रहा। इसके अलावा चंडीगढ़ में रात का पारा 24.4°C, पंचकुला में 24.8°C, भिवानी में 25.0°C, करनाल में 25.3°C, अंबाला, नारनौल और हिसार में 27.0°C दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में बादलों के कारण रात्रि तापमान में हल्की बढ़ोतरी हो सकती है।