- मुंबई में आज शूट होगा कार्यक्रम, दोनों बेटियों-पति व कोच के साथ रवाना, घर खरीदना है सपना
हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : कॉमनवेलथ गेम्स 2026 के महिला पैरा शॉट पुट F57 इवेंट में गोल्ड मेडल जीतने वालीं शर्मिला धनखड़ की जिंदगी अब पूरी तरह से बदल गई है। धनखड़ को अब केबीसी से बुलावा आया है। जिसके लिए वे बेटियों-पति व चीफ कोच के साथ मुंबई रवाना हो गई है। अमिताभ बच्चन के सामने उन्हें आज हॉट सीट पर बैठने का मौका मिलेगा। दोपहर में उनके साथ इस एपिसोड को शूट किया जाएगा। हालांकि इसका प्रसारण 15 अगस्त के बाद होगा। हरियाणा की मनु भाकर व क्रिकेटर शैफाली वर्मा के बाद तीसरी महिला खिलाड़ी होंगी, जिन्हें यह अवसर मिला है। हालांकि वह हरियाणा की पहली पैरा खिलाड़ी हैं,जो केबीसी में शामिल हो रहीं हैं। केबीसी शूटिंग को लेकर परिवार के लोग खासे उत्साहित हैं। दैनिक भास्कर से बातचीत में शर्मिला ने कहा कि जिंदगी में इतने उतार-चढ़ाव देखे हैं कि अब उन्हें किसी के सामने भी नर्वसनेस फील नहीं होती। वे हर शख्स से उतने ही आत्मविश्वास के साथ बात कर सकती हैं।
पैरा ओलिम्पिक कमेटी के जरिए संपर्क : केबीसी की टीम ने शर्मिला धनखड़ तक पहुंच के लिए पैरा ओलिम्पिक कमेटी से संपर्क किया। चीफ कोच सत्यनारायण के जरिए टीम की धनखड़ से पहली बार बातचीत हुई। जब शर्मिला के घर पर बेटियों को इसका पता लगा तो बड़ी खुश हुई कि उन्हें अमिताभ से मिलने का मौका मिलेगा।
जूम कॉल पर हुआ 3 बार इंटरव्यू : केबीसी में शर्मिला धनखड़ को हॉट सीट पर बैठने का निमंत्रण देने से पहले केबीसी टीम के अलग-अलग स्तर के लोगों ने जूम कॉल पर उनके 3 इंटरव्यू लिए। शर्मिला से उनके घर, परिवार, उनकी जिंदगी व खेल मैदान की चीजों के बारे में विस्तार से पता किया गया।
2 दिन में ही हो गया फाइनल : शर्मिला धनखड़ का नाम हॉट सीट के लिए फाइनल करने में केबीसी ने ज्यादा समय नहीं लिया। बातचीत में 2 दिन के दौरान ही सारा कुछ फाइनल कर उन्हें फ्लाइट टिकट व दूसरी डिटेल भेज दी गई। शर्मिला ने दिल्ली एयरपोर्ट से शाम करीब 7 बजे मुंबई के लिए फ्लाइट ली।
छोटी बेटी पहली बार को पहली बार मिला मौका : शर्मिला के अनुसार छोटी बेटी लक्ष्मी को पहली बार अमिताभ बच्चने के कारण फ्लाइट में बैठने का अवसर मिला। उनके अनुसार दोनों बेटियां उनसे ज्यादा उत्साहित हैं कि वो बड़े स्टार के साथ इतने बड़े शो में आएंगी।
एशियन गेम्स के लिए प्रैक्टिस शुरू : शर्मिला के अनुसार अब एशियन गेम्स के लिए तैयारी शुरू कर दी है। 3 महीने बाद होने वाले गेम्स में उसका लक्ष्य गोल्ड लाने का ही रहेगा। उसके बाद लॉस एंजिल्स 2028 ओलिम्पिक की तैयारी में जुटेंगी।
समय नहीं लेकिन स्टार से मिलने की ख्वाहिश : शर्मिला धनखड़ ने बताया कि फिलहाल उनके पास प्रैक्टिस शुरू करने का समय था। इवेंट के लिए उनके पास समय नहीं है क्योंकि तैयारी डिस्टर्ब हो रही थी। लेकिन अमिताभ से मिलने की ख्वाहिश के कारण ही वे मुंबई जा रहीं हैं।
घर-बेटियों पर खर्च होगा पैसा : शर्मिला के अनुसार अगर वे केबीसी से अच्छा पैसा जीतने में कामयाब होती हैं तो वे इसका प्रयोग घर खरीदने व बेटियों को गेम्स की तैयारी करवाने में खर्च करेंगी।
PM से वादा करके आई, एक घर से आएंगें 3 मेडल : पीएम नरेंद्र मोदी से मुलाकात के दौरान शर्मिला ने वादा किया है कि अगली बार कॉमनवेल्थ गेम्स में उनके घर से 3 मेडल आंएगें। पीएम ने कहा था कि तुम इस बार बेटियों के साथ आने का प्रॉमिस करके गई थी। शर्मिला ने कहा कि इस बार बेटियां छोटी थी, अगली बार उनके मेडल भी साथ होंगे।
2 साल की उम्र में पोलियो, एक पैर हुआ प्रभावित: शर्मिला धनखड़ हरियाणा के महेंद्रगढ़ जिले के छितरौली गांव की रहने वाली हैं। 2 साल की उम्र में उन्हें पोलियो हो गया, जिससे उनका एक पैर प्रभावित हो गया। उनके पिता छोटे किसान थे, जबकि मां दृष्टिबाधित हैं। आर्थिक तंगी के कारण उनका बेहतर इलाज नहीं हो सका। परिवार की परिस्थितियों के चलते कम उम्र में ही उनकी शादी कर दी गई।
26 साल की उम्र में पति ने छोड़ा, फिर नई शुरुआत की: 26 साल की उम्र में पहले पति ने उन्हें घर से निकाल दिया। तब तक उनकी दो बेटियां हो चुकी थीं। इसके बाद वह दोनों बेटियों के साथ मायके लौट आईं। 28 साल की उम्र में उन्होंने अजीत से दूसरी शादी की। अजीत हमेशा उन्हें मोटिवेट किया करते थे।
ऐसे शॉटपुट को गेम बनायाः शर्मिला को अक्सर गम रहता था कि उसका भी पैर सही होता तो वह कुश्ती-कबड्डी में हिस्सा ले सकती थी। अखबार में पैरा एथलीट्स की खबर पढ़ने के बाद अजीत ने उन्हें पैरा एथलेटिक्स में करियर बनाने के लिए प्रेरित किया और हर कदम पर उनका साथ दिया। इसके बाद उन्होंने शॉटपुट को अपना गेम बनाया।
ट्रेनिंग का खर्च उठाने के लिए बेचना पड़ा घर: शर्मिला का पैरा एथलेटिक्स का सफर आसान नहीं रहा। 34 साल की उम्र में उन्होंने रेवाड़ी में कोच टेकचंद और देवेंद्र के मार्गदर्शन में F57 कैटेगरी के सीटेड शॉट पुट की ट्रेनिंग शुरू की। आर्थिक तंगी इतनी थी कि 2023 में ट्रेनिंग का खर्च जुटाने के लिए उन्हें अपना घर तक बेचना पड़ा। इसके बाद परिवार किराए के मकान में रहने लगा, लेकिन शर्मिला ने प्रैक्टिस नहीं छोड़ी।
दोनों बेटियां भी स्टेट लेवल की खिलाड़ी: शर्मिला की दोनों बेटियां भी खेलों में करियर बना रही हैं। बड़ी बेटी अनुज (17) जेवलिन थ्रो की खिलाड़ी हैं, जबकि छोटी बेटी लक्ष्मी (13) लॉन्ग जंप की प्रैक्टिस करती हैं। दोनों ही स्टेट लेवल की खिलाड़ी हैं।