August 10, 2026
10 aug 3
  • 50.48 लाख लोगों के खातों में पहुंचे ₹1,595.50 करोड़

हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज :  हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बुधवार को विभिन्न सरकारी योजनाओं के तहत प्रदेश के 50 लाख 48 हजार 73 पात्र लाभार्थियों के बैंक खातों में 1,595 करोड़ 50 लाख रुपए की राशि DBT के जरिए ट्रांसफर की। लाभ वितरण कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री ने प्रेस वार्ता कर योजनाओं के तहत दी गई राशि और सरकार की आगामी गतिविधियों की जानकारी दी।

मुख्यमंत्री ने बताया कि दीनदयाल लाडो लक्ष्मी योजना की 10वीं किस्त जारी कर दी गई है। इसके तहत 9 लाख 98 हजार लाभार्थी बहनों-बेटियों के खातों में 209 करोड़ 62 लाख रुपए डाले गए हैं। अब तक योजना की 10 किस्तों में 2,042 करोड़ 31 लाख रुपए की राशि लाभार्थियों को दी जा चुकी है।

प्रदेश की 15 सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के तहत भी आज 1,124 करोड़ 94 लाख रुपए जारी किए गए। यह राशि सीधे 34 लाख 93 हजार 978 लाभार्थियों के बैंक खातों में पहुंचाई गई। मुख्यमंत्री ने कहा कि DBT के माध्यम से किया जा रहा भुगतान सरकार की पारदर्शिता और सुशासन के प्रति प्रतिबद्धता का प्रतीक है।

अब जानिए किस-किस योजना में जारी हुई राशि…

दयालु योजना में 6,224 परिवारों को ₹234.77 करोड़

दयालु योजना के तहत आज 6,224 परिवारों को 234 करोड़ 77 लाख रुपए की आर्थिक सहायता दी गई। मुख्यमंत्री के अनुसार, इसे मिलाकर अब तक 83,536 परिवारों को 3,152 करोड़ 48 लाख रुपए की आर्थिक सहायता जारी की जा चुकी है।

हर घर-हर गृह योजना में ₹19.17 करोड़ की सब्सिडी

हर घर हर गृह योजना के तहत 4 लाख 93 हजार 434 बहनों के खातों में जून महीने की सब्सिडी भी ट्रांसफर की गई। इसके तहत आज 19 करोड़ 17 लाख रुपए जारी किए गए। अब तक इस योजना के तहत कुल 340 करोड़ 14 लाख रुपए की सब्सिडी दी जा चुकी है।

13,237 किसानों को हरित खाद के लिए ₹7 करोड़

सरकार ने हरित खाद को बढ़ावा देने के लिए 13,237 किसानों के खातों में करीब 7 करोड़ रुपए की राशि भी डाली। मुख्यमंत्री ने बताया कि खरीफ 2026-27 में 70 हजार एकड़ क्षेत्र में ढेंचा और मूंग को खाद के रूप में अपनाने के लिए यह प्रोत्साहन राशि जारी की गई है। खरीफ 2026 के दौरान 5,844 किसानों द्वारा 36,670 एकड़ में ढेंचा की खेती का सत्यापन किया गया है। इसी प्रकार 7,393 किसानों द्वारा 36,670 एकड़ क्षेत्र में मूंग व अन्य हरित खाद फसलों की खेती का सत्यापन हुआ है।