- ड्राइवर को पकड़ कर पुलिस का सौंपा
हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : फरीदाबाद के सेक्टर-18 ओल्ड रोड पर बुधवार रात एक तेज रफ्तार ट्रक ने सड़क किनारे बैठी करीब 10 गायों को कुचल दिया। छह गायों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार गाय गंभीर रूप से घायल हो गईं।
सड़क पर तड़पती गायों का मंजर देखकर स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित लोगों ने दुर्घटना करने वाले ट्रक में आग लगा दी। सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची और हालात को काबू में किया। ट्रक ड्राइवर को लोगों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सभी गाय सड़क के एक किनारे बैठी हुई थीं। इसी दौरान तेज रफ्तार में आ रहा ट्रक सीधे उनके ऊपर चढ़ गया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। कई गाय सड़क पर तड़प रही थीं, जबकि छह गायों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और गौ सेवक घटनास्थल पर पहुंच गए।
घायल गायों को भिजवाया गया गया गोशाला
गोरक्षा दल के सदस्य गोपाल शर्मा ने बताया कि उन्हें स्थानीय लोगों ने सूचना दी थी कि सेक्टर-18 ओल्ड रोड पर एक ट्रक ने कई गायों को टक्कर मार दी है। जब उनकी टीम मौके पर पहुंची तो वहां का दृश्य बेहद दर्दनाक था। छह गायों की मौत हो चुकी थी, जबकि चार गाय गंभीर रूप से घायल थीं। घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से उपचार के लिए गोशालाओं में भेजा गया। वहीं मृत गायों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए पशु चिकित्सालय भेजा गया है।
गोपाल शर्मा ने आरोप लगाया कि ट्रक ड्राइवर तेज रफ्तार में वाहन चला रहा था और उन्हें शक है कि वह नशे की हालत में भी हो सकता है। उन्होंने कहा कि यदि ड्राइवर सतर्क होता तो इतनी बड़ी दुर्घटना नहीं होती। उन्होंने दोषी ड्राइवर के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि इस तरह की लापरवाही किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जानी चाहिए।
गुस्साए लोगों ने ट्रक में लगाई आग
दूसरी ओर, हादसे से नाराज स्थानीय लोगों का गुस्सा इतना बढ़ गया कि उन्होंने दुर्घटना करने वाले ट्रक में आग लगा दी। देखते ही देखते ट्रक धू-धू कर जलने लगा। घटना की सूचना मिलते ही ओल्ड थाना पुलिस मौके पर पहुंची और भीड़ को शांत कराने का प्रयास किया। इसके बाद फायर ब्रिगेड की एक गाड़ी मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद ट्रक में लगी आग पर काबू पाया गया।
पुलिस ने ट्रक ड्राइवर को हिरासत में लिया
ओल्ड थाना प्रभारी विष्णु ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची थी। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि अंधेरा होने के कारण ट्रक ड्राइवर को सड़क किनारे बैठी गाय दिखाई नहीं दीं, जिससे यह हादसा हुआ। हादसे के बाद कुछ लोगों ने ट्रक में आग लगा दी। पुलिस ने ट्रक ड्राइवर को हिरासत में ले लिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।
उन्होंने कहा कि दुर्घटना के कारणों की हर पहलू से जांच की जा रही है। यदि जांच में चालक की लापरवाही, नशे में वाहन चलाने या किसी अन्य प्रकार की गलती सामने आती है, तो उसके खिलाफ नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।