- नवजात शिशुओं के इलाज की क्षमता बढ़ेगी
हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : हरियाणा में गंभीर रूप से बीमार नवजात शिशुओं के इलाज की व्यवस्था मजबूत की जाएगी। इसके लिए प्रदेश के अस्पतालों में करीब 7 करोड़ रुपए की लागत से 19 अतिरिक्त नवजात वेंटिलेटर उपलब्ध करवाए जाएंगे।
प्रदेश की विशेष नवजात शिशु देखभाल इकाइयों (SNCU) में पहले से 54 नवजात वेंटिलेटर उपलब्ध हैं। नए वेंटिलेटर मिलने के बाद इनकी संख्या बढ़कर 73 हो जाएगी। इससे गंभीर हालत में भर्ती नवजात शिशुओं को समय पर सांस लेने में मदद देने की क्षमता बढ़ेगी।
स्वास्थ्य विभाग की अतिरिक्त मुख्य सचिव डॉ. सुमिता मिश्रा ने बताया कि नवजात शिशु देखभाल इकाइयों को एकीकृत मातृ-नवजात शिशु देखभाल इकाइयों के रूप में विकसित करने की प्रदेशव्यापी पहल भी की जा रही है।
नवजात को मां से अलग रखने की जरूरत कम होगी
डॉ. सुमिता मिश्रा के अनुसार, इस पहल का उद्देश्य अस्पताल में भर्ती नवजात शिशुओं को उनकी माताओं से अनावश्यक रूप से अलग होने से बचाना है। इसके तहत विशेष चिकित्सा उपचार के साथ मां की निरंतर मौजूदगी सुनिश्चित की जाएगी।
साथ ही स्तनपान में सहयोग और शिशु की देखभाल में परिवार की भागीदारी को बढ़ावा दिया जाएगा।
अंबाला और कुरुक्षेत्र से मिले अनुभव
प्रदेशव्यापी पहल की शुरुआत अंबाला सिटी और कुरुक्षेत्र के जिला अस्पतालों में स्थापित मातृ-नवजात शिशु देखभाल सुविधाओं से मिले शोध और व्यावहारिक अनुभव के आधार पर की जा रही है।