September 16, 2026
29 july 19

हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : हरियाणा में सहकारिता के क्षेत्र में कई नए कार्य होंगे। दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए 558 नए वीटा बूथ खुलेंगे। अभी तक 674 वीटा बूथ खोले जा चुके हैं।  सहकारी समितियों के माध्यम से प्रतिदिन 5 लाख लीटर दूध की खरीद की जा रही है। सहकारी फेडरेशन को घाटे से उबारने के लिए अब आइसक्रीम व दूसरे उत्पाद भी तैयार होंगे। रेलवे व सेना के लिए दुग्ध उत्पाद तैयार करने के प्रयास तेज होंगे। चंडीगढ़ में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सहकारी फेडरेशन, डेरीफेड, वीटा बूथ, हरहित स्टोर, लेबरफेड, हाउसफेड आदि सहकारी फेडरेशनों की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की। मुर्राह नस्ल की भैंस के दुग्ध उत्पादन को बढ़ाने की बात करते हुए सीएम ने कहा कि पैक्स में महिलाओं के समूहों को दूध की डेयरी शुरू करने के लिए प्रोत्साहित किया जाए। मुख्यमंत्री ने समीक्षा बैठक में बताया कि प्रदेश के 143 स्वयं सहायता समूहों ने दूध की बिक्री के लिए सहमति जताई है। सहकारी समितियों के माध्यम से प्रतिदिन 5 लाख लीटर दूध की खरीद हो रही है।

800 सहकारी समितियों में से 710 का ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन किया गया है

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य की 800 सहकारी समितियों में से 710 का ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन किया गया है। इसके साथ ही सीएम पैक्स को बहुउद्देश्यीय प्राथमिक कृषि ऋण समिति (एम-पैक्स) में बदलने के आदेश दिए हैं। इनमें सीएससी, कैटल फीड, बीज बिक्री, खाद, कीटनाशक दवाइयां आदि 33 प्रकार के कार्य हो सकेंगे। बावल में 1.50 लाख लीटर क्षमता का दुग्ध प्लांट स्थापित हो रहा है इसकी क्षमता चरणबद्ध तरीके से बढ़ाकर 5 लाख लीटर की जाएगी।

अंबाला में 1.50 लाख लीटर क्षमता का प्लांट लगाया जा रहा है। सभी जिलों में 5 से 10 हजार लीटर क्षमता के 21 मिल्क चिलिंग सेंटर खोले जाएंगे। इसके अलावा रेलवे स्टेशनों, टूरिज्म क्षेत्रों, ग्रुप हाउसिंग सोसाइटियों, सिविल अस्पतालों में भी जन औषधि स्टोर की तरह वीटा बूथ खोले जाएंगे। प्रदेश में 1400 हरहित स्टोर खोले जाएंगे। पंचायतों में आईओसीएल के लिए 300 स्थलों की पहचान की गई है। बैठक में सहकारिता मंत्री अरविंद शर्मा भी मौजूद रहे।

दफ्तरों में होगा मिलों में तैयार चीनी के पाउच का उपयोग
मुख्यमंत्री ने समीक्षा बैठक के दौरान सहकारी चीनी मिलों में पिराई का लक्ष्य 130 दिन करने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही रिकवरी लक्ष्य बढ़ाकर 10 प्रतिशत किया जाएगा। गन्ने का क्षेत्रफल बढ़ाने के लिए सूक्ष्म सिंचाई का उपयोग करने को किसानों को अधिक से अधिक प्रोत्साहित किया जाएगा। कैथल चीनी मिल में उच्च क्वालिटी का गुड़ बनाने के निर्देश दिए हैं। राज्यों के विभागों, बोर्ड एवं कारपोरेशन के दफ्तरों में चीनी के पाउच का उपयोग करने के निर्देश दिए। कहा कि हरकोफेड द्वारा गरीब परिवारों को 7 प्रतिशत ब्याज पर 12.50 लाख रुपये तक का आवास ऋण मुहैया करवाया जा रहा है।