- मनोहर लाल खट्टर बोले- सरकार का उद्देश्य महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाना
हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : केंद्रीय ऊर्जा, आवास एवं शहरी विकास मंत्री मनोहर लाल ने चुलकाना गांव में एक सिलाई प्रशिक्षण केंद्र का उद्घाटन किया। यह केंद्र 75 गांवों में सिलाई प्रशिक्षण केंद्र खोलने की व्यापक योजना का हिस्सा है, जिसका उद्देश्य बेटियों और महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाना है।
उद्घाटन समारोह में राज्यसभा सांसद संजय भाटिया, समालखा विधायक मनमोहन भड़ाना, केंद्रीय मंत्री के प्रतिनिधि गजेंद्र सलूजा और गांव के सरपंच सतीश छोक्कर सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। मंत्री मनोहर लाल ने मुख्य अतिथि के रूप में केंद्र का विधिवत शुभारंभ किया।
केंद्रीय मंत्री ने अंत्योदय के महत्व पर डाला प्रकाश
समारोह को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने अंत्योदय के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि अंत्योदय का वास्तविक अर्थ समाज के अंतिम व्यक्ति का उदय और उत्थान सुनिश्चित करना है। उनके अनुसार, जब तक सबसे पिछड़े और जरूरतमंद व्यक्ति तक विकास का लाभ नहीं पहुंचता, तब तक विकास की अवधारणा अधूरी रहती है।
मंत्री ने बताया कि अंत्योदय की इसी भावना को आगे बढ़ाते हुए विभिन्न गांवों में सिलाई प्रशिक्षण केंद्र स्थापित किए जा रहे हैं। शुरुआत में 75 गांवों में ऐसे केंद्र शुरू करने की योजना है, जिनमें चुलकाना भी शामिल है।
चुलकाना केंद्र में अब तक 70 छात्राओं का प्रवेश हो चुका है। प्रशिक्षण दो शिफ्टों में संचालित होगा, प्रत्येक शिफ्ट चार घंटे की होगी, जिसमें 35-35 प्रशिक्षार्थी प्रशिक्षण प्राप्त करेंगी। पूरे प्रशिक्षण की अवधि 70 दिन निर्धारित की गई है।
तीन नए केंद्रों का किया उद्घाटन
मनोहर लाल ने आगे बताया कि तीन गांवों में सिलाई प्रशिक्षण केंद्र पहले ही शुरू किए जा चुके हैं, जबकि आज तीन नए केंद्रों का उद्घाटन किया गया है और आठ अन्य केंद्र प्रस्तावित हैं। उन्होंने जोर दिया कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को कौशल विकास के माध्यम से आत्मनिर्भर बनाना और समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास व सम्मान के अवसर पहुंचाना है।
समालखा विधायक मनमोहन भड़ाना ने अपने संबोधन में कहा कि उन्हें मनोहर लाल के जीवन से प्रेरणा मिलती है। उन्होंने त्याग, सेवा और जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देकर यह दिखाया है कि राजनीति का वास्तविक उद्देश्य समाज की सेवा और लोगों का कल्याण करना है।