- 28 जुलाई से भारी बारिश का अनुमान, एडवाइजारी जारी
हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : हरियाणा में फिर से मानसून एक्टिव हो गया। सुबह पानीपत, रोहतक और झज्जर में बारिश हुई। दोपहर में हिसार, करनाल और कुरुक्षेत्र में तेज बारिश हुई। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार आज शनिवार को अधिकांश जिलों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है, जबकि यमुनानगर में भारी बारिश का यलो अलर्ट है।
आईएमडी के अनुसार, मौसम के दोबारा से एक्टिव होने के पीछे मानसूनी टर्फ है, जो फिलहाल अपनी सामान्य स्थिति से दक्षिण की ओर बनी हुई है। दक्षिण-पूर्व राजस्थान पर सक्रिय लो-प्रेशर एरिया से जम्मू तक एक ट्रफ बनी हुई है। यही सिस्टम हरियाणा में नमी पहुंचा रहा है।
26 जुलाई को बारिश कुछ कम हो सकती है, जबकि 28 जुलाई को उत्तर, पूर्व और दक्षिण हरियाणा के बड़े हिस्से में भारी वर्षा के साथ भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना है।
हरियाणा में फिर सक्रिय हो रहा मानसून
हरियाणा में मानसून अब धीरे-धीरे दोबारा सक्रिय हो रहा है। 28 जुलाई से बारिश का सबसे प्रभावी दौर शुरू होने का अनुमान है। मौसम बुलेटिन के अनुसार 28 से 30 जुलाई के बीच राज्य के अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश तथा अलग-अलग स्थानों पर भारी से बहुत भारी वर्षा की संभावना है।
किसानों के लिए एडवाइजरी
कृषि मौसम केंद्र ने किसानों को अगले कुछ दिनों तक मौसम को देखते हुए कृषि कार्य करने की सलाह दी है। किसानों से कहा गया है कि मौसम परिवर्तनशील रहने और बारिश की संभावना के कारण खेतों में काम करने से पहले मौसम पर नजर रखें।
कपास के खेतों से अतिरिक्त पानी तुरंत निकालें, जलभराव न होने दें। धान की रोपाई जारी रख सकते हैं, लेकिन गहरी रोपाई से बचें। सब्जियों और बागवानी फसलों में अगले 3 दिन सिंचाई टालें। ज्यादा नमी के कारण चूसक कीट बढ़ सकते हैं, नियमित निगरानी करें। पशुओं को हवादार स्थान पर रखें, स्वच्छ पानी व हरा चारा दें और पोल्ट्री शेड सूखे और साफ रखें, ताकि नमी से बीमारी न फैले।
दिन का तापमान सामान्य से 0.3 डिग्री कम
हरियाणा में अधिकतम तापमान सामान्य के आसपास बना रहा। राज्य का सर्वाधिक अधिकतम तापमान अंबाला में 35.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। औसत अधिकतम तापमान में पिछले दिन की तुलना में 0.3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज हुई।
हिसार में अधिकतम तापमान 32.8 डिग्री, करनाल में 33.2 डिग्री, रोहतक में 32.2 डिग्री और गुरुग्राम में 31.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। बारिश वाले इलाकों में दिन का तापमान अपेक्षाकृत कम रहा।
रात के तापमान में भी हल्की गिरावट
प्रदेश में न्यूनतम तापमान भी सामान्य के आसपास रहा। सबसे कम न्यूनतम तापमान नारनौल में 23 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। औसत न्यूनतम तापमान में पिछले 24 घंटे के दौरान 0.1 डिग्री सेल्सियस की मामूली गिरावट दर्ज की गई।
हिसार में रात का तापमान 26.8 डिग्री, अंबाला में 27 डिग्री, रोहतक में 27.4 डिग्री, गुरुग्राम में 26.2 डिग्री और करनाल में 26.9 डिग्री सेल्सियस रहा। बादल और नमी के कारण रात में उमस बनी रही।