- पूर्व राज्यपाल-चेयरमैन जांगड़ा और गोबिंद कांडा शामिल, परियोजनाओं का करेंगे लोकार्पण
हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी आज 23 जुलाई को सिरसा दौरे के दौरान चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय (सीडीएलयू) सिरसा के ऑडिटोरियम हॉल में जिला लोक संपर्क एवं कष्ट निवारण समिति (ग्रीवेंस) की मीटिंग में बिजली निगम के एक जेई और रानियां थाना के एएसआई को चार्जशीट करने के आदेश दिए। एक मामले में विजिलेंस जांच के आदेश दिए। 18 शिकायतों पर सुनवाई हुई।
नीट को लेकर स्टूडेंट पर लाठीचार्ज के सवाल पर सीएम नायब सैनी ने मीडिया को दिए बयान में कहा, हरियाणा में CET हुआ, जिसमें एक बच्चा, माता-पिता ने कोई शिकायत नहीं की है। हमारे यहां नीट का पेपर हुआ, हमने युवाओं को ट्रांसपोर्ट सुविधा उपलब्ध करवाई। विपक्ष ने जो तांडव खड़ा किया है।
कांग्रेस पार्टी हो या इंडिया गठबंधन के ईर्द-गिर्द के लोग हो। युवाओं को भड़काने, झूठ बोलकर उनको बरगलाने का काम किया है। ये विपक्ष किया है और सरकार गंभीरता से युवाओं के साथ काम कर रही है। अगर कहीं इस प्रकार का घटनाक्रम हुआ है, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। कांग्रेस और उस इंडिया गठबंधन को अपने गिरेबां के अंदर झांककर देखना चाहिए।
उनके समय में युवाओं के साथ किस प्रकार का बर्ताव होता था, कितने पेपर लीक हुए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का एक ही विजन है युवाओं को सशक्त एवं मजबूत करना। युवाओं में विश्वास बहाली करना। ये विश्वास बहाली करने का काम प्रधानमंत्री ने किया है। कांग्रेस ने युवाओं का विश्वास तोड़ा था और कांग्रेस के समर्थित लोग है, दल है, उन्होंने विश्वास तोड़ा था।
कवरेज पर लगी पाबंदी
इस बार भी ग्रीवेंस मीटिंग में काफी सख्ती है और मीडिया को भी अंदर कवरेज से पाबंदी लगा दी है। शिकायतकर्ता और प्रशासनिक अधिकारी व पुलिस कर्मचारी की एंट्री हुई है। मेन हॉल के बाहर सीएम से मिलने लोग, जो अपनी समस्या लेकर आए हैं, उनको बाहर ही रोक दिया गया है। इस भयंकर गर्मी में सभी का बुरा हाल है और कागज व कपड़े को हिलाकर हवा लेते दिखे।
महिलाओं व बुजुर्ग व युवाओं की लंबी कतार लगी है। सभी का गर्मी में पसीने से बुरा हाल हो रखा है। वहीं, काफी लोग शिकायतें लेकर आए हुए थे, वे मिल भी नहीं सके।
ग्रीवेंस बैठक में ये रहे शामिल
मंच पर उनके साथ पूर्व राज्यपाल प्रो. गणेशीलाल, भाजपा नेता एवं लेबर बोर्ड चेयरमैन रोहताश जांगड़ा, सिरसा से भाजपा जिलाध्यक्ष यतिंद्र सिंह, डबवाली जिलाध्यक्ष रेणू शर्मा, डीसी शांतनू शर्मा, सिरसा एसपी दीपक सहारण, नगर परिषद के चेयरमैन वीर शांति स्वरूप दिखे। इस बार भाजपा नेता गोबिंद कांडा भी सीएम के साथ मंच पर नजर आए।
एक दिन पहले बदला कार्यस्थल
इस दौरे से एक दिन पहले ग्रीवेंस की जगह बदल दी गई। पहले बरनाला रोड स्थित पंचायत भवन में रखी थी, जिसे अचानक बदलकर सीडीएलयू कर दिया गया। इस बार तीन लंबित एवं 16 नई शिकायतों सहित कुल 19 शिकायतों की सुनवाई की जाएगी। इसे लेकर जिला प्रशासन का दावा है कि सभी तैयारियां पूरी कर ली है। खबर को बाद में अपडेट किया जाएगा।
बुधवार को डीसी शांतनु शर्मा, एएसपी आदर्शदीप सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने सीडीएलयू में कार्यक्रम स्थल पर तैयारियों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। वहीं, सरपंचों ने मांगों को लेकर प्रदर्शन की चेतावनी दी है। देखना होगा कि कांग्रेस व इनेलो विधायक ग्रीवेंस में आएंगे। पिछली बार कांग्रेस के दो विधायक पहुंचे थे।
वीटा के दूध प्लांट का करेंगे लोकार्पण
सिरसा दौरे के दौरान मुख्यमंत्री द्वारा 77वें जिला स्तरीय वन महोत्सव के अंतर्गत ‘एक पेड़ मां के नाम 3.0’ अभियान के तहत विश्वविद्यालय परिसर में पौधारोपण भी किया जाएगा। सीएम नायब सिंह वीटा दुग्ध संघ द्वारा स्थापित 20 हजार लीटर क्षमता वाले दुग्ध शीतकरण केंद्र का लोकार्पण भी करेंगे।
इसके अलावा सिविल अस्पताल सिरसा परिसर स्थित इंटीग्रेटेड ड्रग रिकवरी सेंटर का भी शुभारंभ करेंगे।
कुछ रूट पर यातायात रहेगा डायवर्ट
मुख्यमंत्री दौरे के चलते करीब 500 पुलिस अधिकारी और कर्मचारी तैनात किए जाएंगे। कार्यक्रम स्थल से लेकर शहर के प्रमुख मार्गों, चौक-चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर पुलिस का कड़ा पहरा रहेगा। सुरक्षा व्यवस्था में लगे सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
साथ ही आमजन के साथ शालीन और सहयोगात्मक व्यवहार बनाए रखने पर भी विशेष जोर दिया गया है। कुछ रूट पर यातायात डायवर्ट किया जाएगा।