July 23, 2026
23 july 9
  • HOA ने खेल विभाग को लिखा पत्र, जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग, हफ्तेभर पहले बना

हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज :  हिसार के महावीर स्टेडियम में हाल ही में बनाए गए सिंथेटिक बास्केटबॉल कोर्ट की गुणवत्ता पर सवाल खड़े हो गए हैं। कोर्ट का सिंथेटिक फर्श इंस्टॉलेशन के महज एक सप्ताह के भीतर कई जगहों से उखड़ने लगा है। मामले को गंभीर मानते हुए हरियाणा ओलिंपिक एसोसिएशन (HOA) ने हरियाणा सरकार के खेल विभाग के प्रधान सचिव विजय सिंह दहिया (IAS) को पत्र लिखकर तत्काल तकनीकी जांच कराने और जिम्मेदार अधिकारियों एवं एजेंसियों पर कार्रवाई की मांग की है।

एसोसिएशन के अध्यक्ष कैप्टन जसविंदर मीनू बेनीवाल और महासचिव कृष्ण लाल पंवार ने कहा कि करोड़ों रुपए की लागत से विकसित खेल अवसंरचना का इतनी जल्दी खराब होना बेहद चिंताजनक है। इससे न केवल निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठते हैं, बल्कि तकनीकी मानकों के पालन पर भी संदेह पैदा होता है।

खिलाड़ियों की सुरक्षा का भी मुद्दा

हरियाणा ओलिंपिक एसोसिएशन ने पत्र में कहा है कि खिलाड़ियों को सुरक्षित और अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप खेल सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की जिम्मेदारी है। खराब गुणवत्ता वाला कोर्ट खिलाड़ियों के प्रदर्शन और सुरक्षा दोनों के लिए खतरा बन सकता है। इसलिए मामले में तत्काल हस्तक्षेप आवश्यक है।

इन अधिकारियों को भी भेजी गई प्रति

एसोसिएशन ने इस पत्र की प्रतिलिपि मुख्यमंत्री, खेल राज्य मंत्री, खेल विभाग के निदेशक और हिसार के उपायुक्त को भी भेजी है, ताकि मामले में शीघ्र कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।