July 21, 2026
21 july 8
  • फरीदाबाद से नोएडा गया था परिवार, AC की खिड़की तोड़कर अंदर घुसे चोर

ह​रियाणा ब्रेकिंग न्यूज :  फरीदाबाद के सेक्टर-16 स्थित जिला कोर्ट के वकील हरीश पाल चपराना के घर में चोरों ने बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। घटना के समय पूरा परिवार एक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए नोएडा गया हुआ था। इसी दौरान बदमाश एसी की खिड़की का शीशा तोड़कर घर में घुस गए और लाखों रुपए के सोने के आभूषण व नकदी लेकर फरार हो गए।

खास बात यह है कि जिस मकान में चोरी हुई, उससे कुछ ही दूरी पर सेक्टर-16 पुलिस चौकी स्थित है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

AC की खिड़की का तोड़ा शीशा

पीड़ित परिवार की सदस्य सुबोध ने बताया कि 20 जुलाई को पूरा परिवार एक पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए नोएडा गया था, घर पूरी तरह खाली था। इसी का फायदा उठाकर चोर घर की चारदीवारी फांदकर अंदर पहुंचे और एसी की खिड़की का शीशा तोड़कर मकान में प्रवेश कर गए।

कार को रास्ते में छोड़कर फरार

चोरी के बाद बदमाश घर के बाहर खड़ी परिवार की कार भी अपने साथ ले गए। हालांकि बाद में कार ओल्ड रेड लाइट के पास लावारिस हालत में मिल गई। आशंका है कि आरोपी वारदात के बाद भागने के लिए कार का इस्तेमाल कर रहे थे। फिलहाल कार बरामद हो चुकी है, लेकिन चोरी गए आभूषण और नकदी का अभी तक कोई सुराग नहीं लग पाया है।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके। सेक्टर 16 पुलिस चौकी इंचार्ज राजेश कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।