July 20, 2026
20 july 7
  • घर में घुसकर वारदात, दो महीने पहले हुई थी कहासुनी

हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : यमुनानगर शहर की हनुमान कॉलोनी स्थित चिट्टा मंदिर क्षेत्र में रविवार रात रंजिश को लेकर घर में घुसकर दो सगे भाइयों पर जानलेवा हमला कर दिया। आरोप है कि 10 से 15 युवक लोहे की राड, लाठी और डंडे लेकर घर में घुस आए और कमरे में सो रहे दोनों भाइयों पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया।

हमले में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए, उन्हें तुरंत सिविल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां एक युवक की हालत गंभीर बनी हुई है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। घायलों की पहचान मनजीत और मितलेश के रूप में हुई है। दोनों भाई प्लाईवुड फैक्ट्री में मजदूरी करते हैं।

2 माह पुराने विवाद को बताया हमले की वजह

घायलों की बहन संजना ने बताया कि करीब दो महीने पहले बच्चों के बीच हुए झगड़े को लेकर पडोसी परिवार से कहासुनी हुई थी, जो बाद में मारपीट तक पहुंच गई थी। उस समय पुलिस में शिकायत भी दी गई थी, लेकिन बाद में पंचायत के माध्यम से दोनों पक्षों में समझौता हो गया था।

संजना का आरोप है कि समझौते के बावजूद पड़ोसी परिवार उनके प्रति रंजिश रखे हुए था और अक्सर उन्हें घूरता रहता था। इसी दुश्मनी के चलते रविवार रात आरोपियों ने सुनियोजित तरीके से हमला किया।

बहन बचाने पहुंची तो उसका भी गला दबाया

पीड़ित परिवार के अनुसार रविवार रात करीब 10 से 15 युवक लोहे की रॉड, लाठी और डंडे लेकर उनके घर पहुंचे। सभी जबरन घर में घुस गए और सीधे उस कमरे में पहुंचे, जहां मनजीत और मितलेश सो रहे थे। आरोपियों ने दोनों भाइयों पर ताबड़तोड़ हमला शुरू कर दिया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल होकर लहूलुहान हो गए।

संजना ने बताया कि भाइयों की चीख-पुकार सुनकर वह उन्हें बचाने के लिए दौड़ी, लेकिन आरोपियों ने उसका भी गला पकड़ लिया और उसे धक्का देकर अलग कर दिया। घटना के समय उनके पिता घर पर नहीं थे, जिससे हमलावरों को वारदात अंजाम देने में आसानी हुई।

घायल भाई को घसीटकर बाहर ले गए

परिजनों का आरोप है कि हमलावर मारपीट के बाद एक घायल भाई को घर से घसीटते हुए बाहर ले गए। शोर सुनकर आसपास के लोग घरों से बाहर निकल आए, लेकिन आरोपियों के हाथों में हथियार होने के कारण कोई भी तुरंत आगे नहीं बढ़ सका। बाद में पड़ोसियों ने हिम्मत दिखाते हुए घायल युवक को आरोपियों के चंगुल से छुड़वाया। इसके बाद सभी हमलावर मौके से फरार हो गए।

हमले में दोनों भाइयों के सिर, हाथ, पीठ और शरीर के अन्य हिस्सों पर गंभीर चोटें आई हैं। परिजनों ने दोनों को तत्काल सिविल अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों के अनुसार एक भाई की हालत ज्यादा गंभीर है और उसका उपचार जारी है।

पुलिस ने शुरू की जांच

वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पीड़ित परिवार ने आरोपियों के खिलाफ शिकायत सौंप दी है। पुलिस का कहना है कि शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। मेडिकल रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।