July 18, 2026
18 july 3
  • आज नहीं आएगी सोनीपत,नया शेड्यूल जारी

हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज :  देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को हरियाणा के जींद से देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस ऐतिहासिक शुरुआत के साथ भारतीय रेलवे ने ट्रेन के नियमित संचालन का नया शेड्यूल भी जारी कर दिया है।

यह ट्रेन जींद और सोनीपत के बीच संचालित होगी और बीच में पड़ने वाले सभी प्रमुख स्टेशनों पर निर्धारित समय के अनुसार रुकेगी।

जींद से सुबह 7:40 बजे होगी रवाना

रेलवे द्वारा जारी समय-सारिणी के अनुसार ट्रेन नंबर 74010 सुबह 7:40 बजे जींद जंक्शन से रवाना होगी। इसके बाद जींद सिटी, पांडु पिंडारा, ललित खेड़ा, भंभेवा, ईशापुर खेड़ी, बुटाना, खंदराई, गोहाना, रभड़ा, लाठ, मोहाना और बड़वासनी स्टेशन पर रुकते हुए सुबह 9:40 बजे सोनीपत रेलवे स्टेशन पहुंचेगी।

सोनीपत से सुबह 10:40 बजे लौटेगी

सोनीपत पहुंचने के बाद ट्रेन नंबर 74009 सुबह 10:40 बजे जींद के लिए रवाना होगी। वापसी के दौरान यह बड़वासनी, मोहाना, लाठ, रभड़ा, गोहाना, खंदराई, बुटाना, ईशापुर खेड़ी, भंभेवा, ललित खेड़ा, पांडु पिंडारा और जींद सिटी स्टेशन पर रुकते हुए दोपहर 12:40 बजे जींद जंक्शन पहुंचेगी।

दोनों शहरों के बीच 13 स्टेशनों पर होगा ठहराव

रेलवे के नए शेड्यूल के अनुसार जींद और सोनीपत के बीच कुल 13 मध्यवर्ती स्टेशनों पर ट्रेन का ठहराव रहेगा। इससे जींद, गोहाना और सोनीपत के अलावा बीच के ग्रामीण क्षेत्रों के यात्रियों को भी इस आधुनिक ट्रेन का लाभ मिलेगा। स्थानीय यात्रियों के लिए यह ट्रेन दैनिक आवागमन का एक नया विकल्प बनेगी।

शुक्रवार को ऐतिहासिक स्वागत, शनिवार को नहीं चली ट्रेन

शुक्रवार को उद्घाटन यात्रा के दौरान हाइड्रोजन ट्रेन का गोहाना, सोनीपत सहित विभिन्न स्टेशनों पर भव्य स्वागत किया गया। कई स्थानों पर शंखनाद, फूलों की वर्षा और पूजा-अर्चना के साथ लोगों ने इस ऐतिहासिक ट्रेन का अभिनंदन किया। बड़ी संख्या में लोग ट्रेन को देखने और उसके साथ तस्वीरें लेने के लिए रेलवे स्टेशनों पर पहुंचे। हालांकि उद्घाटन के अगले दिन शनिवार को ट्रेन का संचालन नहीं किया गया।