- नयागांव बैरियर पर ट्रैफिक डायवर्ट, 3000 पुलिसकर्मी संभालेंगे सुरक्षा व्यवस्था
हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कल चंडीगढ़ दौरे पर रहेंगे। वह पंजाब इंजीनियरिंग कॉलेज में करीब 45 मिनट रुकेंगे। पीएम के दौरे को देखते हुए चंडीगढ़ पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। सुरक्षा इंतजामों में पुलिस के साथ केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियां भी तैनात रहेंगी।
राजेंद्र पार्क से पंजाब इंजीनियरिंग कॉलेज तक करीब 2 किलोमीटर क्षेत्र को हाई सिक्योरिटी जोन में रखा गया है। दौरे के दौरान नयागांव से चंडीगढ़ बैरियर की ओर आने वाले मार्ग पर ट्रैफिक डायवर्जन रहेगा। इसके अलावा सेक्टर-2/3/10/11 चौक पर भी वाहनों की आवाजाही में बदलाव किया जाएगा।
3000 पुलिसकर्मी संभालेंगे सुरक्षा व्यवस्था
प्रधानमंत्री की सुरक्षा को देखते हुए चंडीगढ़ पुलिस हाई अलर्ट पर है। दौरे तक पुलिसकर्मियों की छुट्टियां रोक दी गई हैं। सुरक्षा व्यवस्था संभालने के लिए करीब 3,000 पुलिसकर्मी तैनात किए जाएंगे। पूरी व्यवस्था की निगरानी डीजीपी खुद कर रहे हैं।
केंद्रीय एजेंसियों के हवाले प्रधानमंत्री का रूट
प्रधानमंत्री के आगमन के लिए तय रूट पर केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियों को तैनात कर दिया गया है। इसमें बॉर्डर सिक्योरिटी फोर्स (BSF) समेत अन्य एजेंसियों के जवान शामिल हैं। सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए जवानों को जगह-जगह तैनात किया गया है। चंडीगढ़ पुलिस के साथ केंद्रीय एजेंसियां भी पूरे इंतजामों की निगरानी कर रही हैं।
11 बजे से होगी एंट्री
प्रधानमंत्री का पंजाब इंजीनियरिंग कॉलेज में कार्यक्रम दोपहर 1:30 बजे आयोजित होगा। जनसभा में शामिल होने वाले लोगों की एंट्री सुबह 11 बजे से शुरू कर दी जाएगी। कार्यक्रम स्थल पर किसी भी तरह की सामग्री ले जाने की अनुमति नहीं होगी। यहां तक कि पानी की बोतल ले जाने पर भी रोक रहेगी। सभी लोगों की पहले सुरक्षा जांच की जाएगी, इसके बाद ही उन्हें अंदर प्रवेश दिया जाएगा।
एयर कंडीशनर है पंडाल
प्रधानमंत्री मोदी की जनसभा के लिए तैयार किया गया पंडाल पूरी तरह वाटरप्रूफ और एयर कंडीशंड है। इसे इस तरह तैयार किया गया है कि मौसम खराब होने या बारिश आने की स्थिति में भी लोगों को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।
भाजपा नेताओं की लगी ड्यूटी
प्रधानमंत्री मोदी के कार्यक्रम में शामिल होने वाले लोगों का चयन पहले से किया गया है। इनमें मार्केट कमेटी, रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन और अन्य संस्थाओं के सदस्य शामिल होंगे। इन सभी लोगों को पहले से एंट्री पास जारी किए जाएंगे। इसके लिए चंडीगढ़ भाजपा नेताओं की जिम्मेदारी तय की गई है, जो आमंत्रित लोगों को निमंत्रण देकर उनके पास बनवा रहे हैं।