- कुछ दिन पहले गोविंदा के सॉन्ग पर डांस करने का आया था VIDEO
हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : हरियाणा के नामी हार्ट स्पेशलिस्ट की हार्ट अटैक से मौत हो गई। डॉक्टर को बुधवार देर रात अचानक हार्ट पेन हुआ और वो बाथरूम में ही बेसुध होकर गिर पड़े। उन्हें तुरंत अस्पताल लाया गया। जहां काफी देर तक कार्डियोपल्मोनरी रिससिटेशन (CPR) देकर जान बचाने की कोशिश की गई, लेकिन सफलता नहीं मिली।
45 साल के डॉ. आदित्य बत्रा रोहतक के होली हार्ट सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल के प्रमुख कार्डियोलॉजिस्ट थे। पिछले कई साल से हार्ट पेशेंट्स का इलाज कर रहे थे। रोजाना औसतन 4-5 हार्ट सर्जरी करते थे। परिजनों के अनुसार, उन्हें पहले कभी हार्ट की प्रॉब्लम नहीं थी। बुधवार रात जब वो घर आए तो वॉशरूम में जाकर गिर गए।
कुछ दिन पहले ही डॉक्टर बत्रा का एक वीडियो खूब वायरल हुआ था, जिसमें वो एक हेल्थ इवेंट में एक्टर गोविंदा के गाने चलो इश्क लड़ाएं…पर हुक स्टेप करते दिखे थे। इसमें एंकर कहते सुनाईं दी थी कि किसी को हार्ट की दिक्कत हो तो डॉक्टर साहब हमारे पास हैं।
बाथरूम में बेसुध मिले थे
परिजनों के अनुसार, बुधवार शाम 2 मरीजों का ऑपरेशन करने के बाद डॉ. आदित्य बत्रा (45 ) करीब 8:30 बजे अपने सुरक्षा कर्मियों के साथ घर पहुंचे। घर पहुंचने के बाद वे सीधे बाथरूम में चले गए और अंदर से दरवाजा बंद कर लिया। रात करीब 9:15 बजे उनकी पत्नी डॉ. मयंका ने उन्हें फोन किया, लेकिन कॉल का कोई जवाब नहीं मिला।
बाथरूम का दरवाजा तोड़ निकाला
इसके बाद उन्होंने अस्पताल में संपर्क किया, जहां से जानकारी मिली कि डॉ. बत्रा शाम को ही घर के लिए निकल चुके थे। सुरक्षा कर्मियों से संपर्क करने के बाद घर में उनकी तलाश की गई। बाथरूम का दरवाजा अंदर से बंद मिलने पर उसे तोड़ा गया। दरवाजा खुलने पर डॉ. बत्रा बेहोशी की हालत में फर्श पर पड़े थे। उन्हें तत्काल अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें बचाने की काफी कोशिश की, लेकिन देर रात उन्हें मृत घोषित कर दिया।
तीन घंटे तक सीपीआर दिया
डॉ. आदित्य बत्रा को बचाने के लिए डॉक्टरों ने काफी प्रयास किए। अस्पताल पहुंचने के बाद उन्हें लगातार करीब तीन घंटे तक सीपीआर दिया गया। इस दौरान 10 से अधिक डॉक्टरों की टीम उनकी जान बचाने में जुटी रही। सभी प्रयासों के बावजूद उनकी स्थिति में सुधार नहीं हुआ और देर रात करीब 1:30 बजे डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
रोहतक PGI से की MBBS-MD
डॉ. आदित्य बत्रा रोहतक के होली हार्ट एडवांस्ड कार्डियक केयर एंड रिसर्च सेंटर में चीफ इंटरवेंशनल कार्डियोलॉजिस्ट थे। उन्होंने एमबीबीएस और एमडी पीजीआईएमएस रोहतक से तथा डीएम (कार्डियोलॉजी) एसजीपीजीआई लखनऊ से किया था।
वे पहले दिल्ली एम्स, पीजीआईएमएस रोहतक और फोर्टिस वसंत कुंज में भी काम कर चुके थे। डॉ. आदित्य बत्रा अपने पीछे पत्नी, एक बेटा और एक बेटी छोड़ गए हैं। गुरुवार दोपहर में उनका अंतिम संस्कार कर दिया गया।
BJP में सक्रिय थे, रोहतक से टिकट के दावे रहे
डॉ. आदित्य बत्रा करीब 3 साल से BJP में काफी सक्रिय रहे हैं। अक्टूबर 2024 के विधानसभा चुनाव के दौरान रोहतक विधानसभा सीट से टिकट के लिए उनका नाम भी चर्चा में रहा था। हालांकि, बाद में मनीष ग्रोवर को ही पार्टी ने प्रत्याशी बनाया था। उनके निधन पर BJP प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने भी शोक व्यक्त किया है।