- भिवानी में पारा 40.5°C, रेवाड़ी-महेंद्रगढ़ में बारिश से राहत
हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : हरियाणा में मानसून के बीच मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। मानसून की रफ्तार धीमी पड़ते ही सूरज ने अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। आज हरियाणा के 15 जिलों हिसार, सिरसा, फतेहाबाद, भिवानी, चरखीदादरी, झज्जर, रेवाड़ी, नारनौल, जींद, सोनीपत, रोहतक, पलवल, नूंह, फरीदाबाद, सोनीपत और गुरुग्राम में अलर्ट जारी किया गया है।
हालांकि, मंगलवार शाम को रेवाड़ी और महेंद्रगढ़ समेत कुछ इलाकों में धूल भरी आंधी के साथ तेज बारिश ने लोगों को उमस से थोड़ी राहत जरूर दी, लेकिन राज्य के अधिकांश हिस्सों में गर्मी और उमस का प्रकोप बरकरार है। मौसम विभाग (IMD) ने आने वाले दिनों के लिए राज्य के कई हिस्सों में विशेष चेतावनी जारी की है।
17 जुलाई तक गर्मी और उमस की चेतावनी
मौसम विज्ञान केंद्र चंडीगढ़ द्वारा जारी बुलेटिन के अनुसार, हरियाणा में 14 जुलाई से 17 जुलाई तक दक्षिणी और आसपास के हिस्सों में कुछ स्थानों पर मौसम काफी गर्म और उमस भरा रहने की संभावना है। इस दौरान लोगों को भीषण उमस का सामना करना पड़ेगा।
14 से 17 जुलाई तक राज्य में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है, लेकिन मुख्य रूप से मौसम गर्म और उमस भरा रहेगा। 18 जुलाई से मौसम में बदलाव दिखेगा और कुछ स्थानों पर बारिश की गतिविधियों में तेजी आएगी। 19 और 20 जुलाई को हरियाणा के कई इलाकों में मानसून फिर से सक्रिय होगा, जिससे कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है।
अधिकतम तापमान मामूली गिरावट
मंगलवार को औसत अधिकतम तापमान में पिछले दिन के मुकाबले 0.1°C की मामूली गिरावट दर्ज की गई, लेकिन यह सामान्य से 1.9°C अधिक बना हुआ है। राज्य में सबसे ज्यादा तापमान भिवानी में 40.5°C रिकॉर्ड किया गया। इसके अलावा रोहतक में पारा 40.0°C और पलवल में 39.6°C तक पहुंच गया, जिससे दिन के समय भीषण गर्मी और उमस का अहसास हुआ।
रात का पारा 0.2 डिग्री तक गिरा
रात के तापमान की बात करें तो हरियाणा में मंगलवार को औसत न्यूनतम तापमान में 0.2°C की गिरावट देखी गई, जो कि सामान्य के आसपास ही बना हुआ है। राज्य में सबसे कम न्यूनतम तापमान सोनीपत में 23.8°C दर्ज किया गया। वहीं, फरीदाबाद में रात का पारा सबसे अधिक 29.3°C और चरखी दादरी में 29.1°C दर्ज किया गया, जिससे रात के समय भी लोगों को भारी उमस का सामना करना पड़ा।