- काम के बदले उपभोक्ता से मांगी थी घूस
हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : फतेहाबाद जिले के टोहाना में एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) की टीम ने बिजली निगम कार्यालय में बड़ी कार्रवाई करते हुए रिश्वतखोरी के आरोप में 2 कर्मचारियों और एक अप्रेंटिस को रंगे हाथों गिरफ्तार किया। कार्रवाई फतेहाबाद एसीबी के प्रभारी इंस्पेक्टर मनमोहन सिंह के नेतृत्व में की गई।
टीम ने बिजली निगम में एचकेआरएन के तहत लगे एएलएम विनोद कुमार, एलडीसी (लोअर डिवीजन क्लर्क) सत्यनारायण और अप्रेंटिसशिप कर रहे युवक कर्ण खोबड़ा को काबू किया है। आरोप है कि इन लोगों ने एक उपभोक्ता काम करने की एवज में 12 हजार रुपए की रिश्वत ली है। फिलहाल पुलिस तीनों को अपने साथ ले गई।
फतेहपुर गांव के उपभोक्ता से मांगी रिश्वत
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आरोपियों पर फतेहपुर गांव के एक उपभोक्ता से काम करने की एवज में 12 हजार रुपए की मांग करने का आरोप था। शिकायत मिलने के बाद एंटी करप्शन ब्यूरो ने योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप लगाया। शिकायतकर्ता से तय रकम दिलवाई गई और जैसे ही आरोपियों ने रिश्वत की राशि ली, पहले से तैनात एसीबी टीम ने उन्हें मौके पर ही दबोच लिया।
कार्रवाई के बाद तीनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। एसीबी की टीम दस्तावेजों और अन्य साक्ष्यों को भी कब्जे में लेकर मामले की जांच में जुटी है। आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज करने की प्रक्रिया जारी है।
बिजली निगम ऑफिस में हडकंप
सूत्रों के अनुसार, एसीबी यह भी जांच कर रही है कि रिश्वत मांगने और लेने के इस मामले में किसी अन्य कर्मचारी की भूमिका तो नहीं है। मामले में विस्तृत खुलासा पूछताछ पूरी होने के बाद किए जाने की संभावना है। एसीबी की इस कार्रवाई से बिजली निगम में हड़कंप का माहौल बन गया।