- मुख्यमंत्री नायब सैनी भी पहुंचे, कांग्रेस ने की हाईकोर्ट बैंच की मांग
हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : गुरुग्राम में नवनिर्मित कोर्ट कॉम्पलैक्स जस्टिस ऑफ टावर का आज देश के मुख्य न्यायाधीश जस्टिस सूर्यकांत ने लोकार्पण किया। इस दौरान मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट के कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश अश्वनी कुमार मिश्रा भी शामिल हुए। गुरुग्राम को करीब 51 साल बाद यह नया और विशाल जिला न्यायालय परिसर मिला है। इसे उत्तर भारत के सबसे बड़े जिला अदालत परिसरों में से एक माना जा रहा है। पुराने कोर्ट परिसर में मई महीने में लगी भीषण आग और भवन के एक हिस्से के असुरक्षित घोषित होने के बाद, अदालतें अस्थाई रूप से पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस से चल रही थीं। ऐसे में जनहित को ध्यान में रखते हुए पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट ने हाल ही में इस नए परिसर में कामकाज तुरंत स्थानांतरित करने की अनुमति दी है। हालांकि यहां सभी वकीलों को चैंबर नहीं मिले हैं और चैंबर की मांग को लेकर वकीलों में रोष भी है।
कांग्रेस ने की बेंच की मांग
वहीं, कांग्रेस नेता और पूर्व विधायक राव दान सिंह ने सीजेआई से गुरुग्राम में हाईकोर्ट की बेंच गठित करने की मांग की है। उन्होंने पत्र के माध्यम से सीजेआई से मांग करते हुए कहा कि लंबे समय से दक्षिण हरियाणा के लोग गुरुग्राम में हाईकोर्ट की बेंच की मांग कर रहे हैं। अभी चंडीगढ़ जाने में छह से सात घंटे का समय लग जाता है। गुरुग्राम में बेंच होने से दक्षिण हरियाणा के मामलों की सुनवाई यहीं हो सकेगी।