July 12, 2026
12 july 9
  • 7 साल के बच्चे की मौत के बाद बाल आयोग की एडवाइजरी, दो ऑप्शन दिए

हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज :  हरियाणा में स्कूल यूनिफॉर्म से नॉट वाली टाई की विदाई होगी। हरियाणा राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग (HSCPCR) ने एडवाइजरी जारी कर नॉट वाली टाई की अनिवार्यता तुरंत खत्म करने को कहा है। यह बदलाव सभी सरकारी व निजी स्कूलों में होगा। शिक्षा विभाग और भिवानी बोर्ड को लेटर लिख दिया गया है।

दरअसल, भिवानी के गांव फूलपुरा में स्कूल ड्रेस की टाई की वजह से 7 साल के बच्चे की जान चली गई थी। बच्चे के बड़े भाई की टाई खूंटी पर टंगी थी। छोटा भाई खेल-खेल में टाई पहनने की कोशिश करने लगा और टाई फंदा साबित हुई।

आयोग की चेयरपर्सन तृप्ति श्योराण ने दैनिक भास्कर से बातचीत में कहा- टाई के कारण हादसों में बच्चों की मौत हो जाती है। बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए यह फैसला लिया गया है और एडवाइजरी जारी की गई है कि अब बच्चों के लिए पारंपरिक टाई लागू ना करें। इसके स्थान पर आई कार्ड से अटैच करने वाली टाई लागू करें।

कई घटनाएं सामने आने के बाद लिया सबक

आयोग ने बाल अधिकार संरक्षण आयोग अधिनियम, 2005 की धारा-13 के तहत अपने अधिकारों का इस्तेमाल कर यह एडवाइजरी जारी की है। आयोग ने देश के विभिन्न हिस्सों में सामने आए उन दर्दनाक हादसों का संज्ञान लिया है, जिनमें स्कूल जाने वाले बच्चों की मौत पारंपरिक टाई के झूले, दीवार के हुक, गेट या अन्य वस्तुओं में फंसने से गला घुटने के कारण हुई। आयोग का कहना है कि ये घटनाएं दुर्घटनावश जरूर हुईं, लेकिन इन्हें रोका जा सकता है।

दो महीने पहले ही तृप्ति आयोग की चेयरपर्सन बनीं

प्रदेश सरकार ने 28 अप्रैल को नोटिफिकेशन जारी कर तृप्ति श्योराण को HSCPCR की चेयरपर्सन नियुक्त किया है। 37 वर्षीय तृप्ति लोहारू के गांव गागड़वास की हैं। उनके भाई वरुण श्योराण भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता हैं। तृप्ति के पिता चौधरी हरिपाल हरियाणा को-ऑपरेटिव बैंक भिवानी के सहायक प्रबंधक रहे हैं।