July 12, 2026
12 july 5
  • 42 दिन में चौथी बार सीएम संग दिखेंगे कुलदीप बिश्नोई

हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज :  हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी 12 जुलाई को गुरु जम्भेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, हिसार (GJU) आएंगे। मुख्यमंत्री विश्वविद्यालय में माता अमृता देवी सर्कल एवं खेजड़ली महाबलिदान स्मृति शिल्प का लोकार्पण करेंगे। इसके साथ-साथ नर्सिंग ब्लॉक व गर्ल्स हॉस्टल भवन का शिलान्यास करेंगे।

कार्यक्रम में बिश्नोई समाज के संरक्षक एवं पूर्व सांसद चौधरी कुलदीप सिंह बिश्नोई मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहेंगे। शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा समारोह की अध्यक्षता करेंगे। पीडब्ल्यूडी मंत्री रणबीर सिंह गंगवा अति विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।

इसके अतिरिक्त हिसार की विधायक सावित्री जिंदल, नलवा के विधायक रणधीर सिंह पनिहार, बिश्नोई समाज के स्वामी डॉ. सचिदानंद आचार्य सहित अनेक जनप्रतिनिधि और बिश्नोई समाज के गणमान्य व्यक्ति भी भाग लेंगे।

363 बिश्नोई वीरों की स्मृति में पौधारोपण करेंगे
विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. नरसी राम बिश्नोई ने बताया कि मुख्यमंत्री गुरु जंभेश्वर महाराज धार्मिक अध्ययन संस्थान परिसर में 363 बिश्नोई वीरों की स्मृति में पौधारोपण करेंगे। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए दो विशिष्ट विभूतियों को मधु भासिन मेमोरियल पुरस्कार से भी सम्मानित किया जाएगा। यह सम्मान जोधपुर के खामु राम बिश्नोई और बड़ोपल, फतेहाबाद के विनोद कुमार कड़वासरा को दिया जाएगा।

खेजड़ी की बेटी नाटक का मंचन होगा

कुलपति ने बताया कि खेजड़ली महाबलिदान की गौरवगाथा को प्रदर्शित करने वाले अशोक राही द्वारा निर्देशित नाटक खेजड़ी की बेटी का मंचन भी किया जाएगा। उन्होंने कहा कि माता अमृता देवी तथा 363 बिश्नोई वीरों का बलिदान प्रकृति संरक्षण के इतिहास में एक अमर अध्याय है। विश्वविद्यालय परिसर में स्थापित स्मृति शिल्प एवं सर्कल पर्यावरण संरक्षण के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य करेगा। इस आयोजन के लिए विभिन्न समितियों का गठन किया गया है।

शाम तक गुरु महाराज का भजन-कीर्तन होगा 

कुलपति प्रो. नरसी राम बिश्नोई ने बताया कि कार्यक्रमों की श्रृंखला के अंतर्गत रविवार सायंकाल गुरु जम्भेश्वर जी महाराज धार्मिक अध्ययन संस्थान में भजन-कीर्तन का आयोजन किया जाएगा। वहीं सोमवार प्रातः हवन-यज्ञ का भी आयोजन किया जाएगा, जिसमें शिक्षाविद्, विद्यार्थी, समाज प्रतिनिधि, श्रद्धालु एवं अन्य गणमान्य व्यक्ति शामिल होंगे।

मुख्यमंत्री के हिसार दौरे के दृष्टिगत धारा-163 रहेगी लागू

वहीं जिलाधीश महेंद्र पाल ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के प्रस्तावित दौरे के दृष्टिगत कार्यक्रम स्थल पर कानून व्यवस्था एवं शांति बनाए रखने के लिए भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 की धारा 163 में वर्णित प्रदत्त शक्तियों के अंतर्गत कार्यक्रम स्थल को ड्रोन नियम 2025 के तहत रेड जोन घोषित करते हुए निषेधाज्ञा के आदेश पारित किए गए हैं।

कार्यक्रम स्थल के 2 किलोमीटर के दायरे में लाठी-डंडे, तलवार, गंडासी, आग्नेय सशस्त्र, किसी भी प्रकार के घातक हथियार लेकर चलने, खुले पेट्रोल-डीजल की बोतल/केन इत्यादि में रखने तथा वीवीआईपी मार्ग के कार्यक्रम स्थल, आसपास के क्षेत्र में ड्रोन उड़ाने व 200 मीटर के दायरे में सडक़ के दोनों तरफ कोई भी वाहन खड़ा करने को पूर्णत: प्रतिबंधित किया गया है।