July 12, 2026
12 july 4
  • गांव वाले ‘मौसम विभाग’ कहकर बुलाते हैं

हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज :  महेंद्रगढ़ के डेरोली अहीर गांव के बुजुर्ग संतलाल अपने अनोखे दावे को लेकर फिर चर्चा में हैं। 70 साल के संतलाल का दावा है कि उन्हें गर्मियों में ठंड और सर्दियों में गर्मी महसूस होती है। शरीर मौसम के बिल्कुल विपरीत प्रतिक्रिया देता है। भीषण गर्मी में वे दो कंबल ओढ़कर अलाव तापते हैं, जबकि सर्दियों में बर्फ की सिल्ली पर लेटकर राहत महसूस करते हैं।

संतलाल की इस अनोखी स्थिति के कारण गांव के लोग उन्हें मजाक में ‘मौसम विभाग’ कहकर बुलाते हैं। ग्रामीणों का कहना है कि यह कोई नई बात नहीं है, बल्कि बचपन से ही संतलाल ऐसे हैं।

डॉक्टर के मुताबिक, यह सामान्य स्थिति नहीं है। इसके पीछे थायराइड, खून की कमी, विटामिन B-12 की कमी समेत कई कारण हो सकते हैं।

गर्मी में पसीना नहीं आता
 संतलाल ने बताया कि वे पेशे से राजमिस्त्री हैं। उनके चार बेटे और दो बेटियां हैं। परिवार में पत्नी, चारों बेटे, उनकी बहुएं और पोते-पोतियां साथ रहते हैं। दोनों बेटियों की शादी हो चुकी है। इन दिनों जब तेज गर्मी पड़ रही है और लोग एसी, कूलर व पंखों के सहारे राहत ढूंढ रहे हैं, तब उन्हें ठंड सताती है। इसी वजह से वे दो मोटे कंबल ओढ़कर बैठते हैं। अगर ज्यादा ठंड महसूस होती है तो अलाव जलाकर उसके सामने बैठ जाते हैं। इतनी गर्मी में भी उन्हें पसीना नहीं आता।

सर्दियों में बर्फ की सिल्ली पर लेटते हैं

संतलाल के अनुसार, सर्दियों में स्थिति बिल्कुल उलट हो जाती है। जब लोग कई परतों वाले गर्म कपड़े पहनते हैं, तब उन्हें गर्मी लगती है। राहत पाने के लिए वे बर्फ की सिल्ली पर लेट जाते हैं और सुबह-सुबह तालाब में स्नान भी करते हैं। उनका कहना है कि ठंडे पानी और बर्फ से उन्हें आराम मिलता है। वह लंबे समय तक बर्फ पर लेटने का रिकॉर्ड बना चुके हैं। वे करीब तीन घंटे बर्फ की सिल्ली पर लेटे रहे। इस दौरान बर्फ भी खाते रहे।

आज तक कोई गंभीर बीमारी नहीं हुई

संतलाल का कहना है कि उनकी इस अनोखी स्थिति को समझने के लिए समय-समय पर डॉक्टरों की टीमें गांव पहुंचीं। कई स्वास्थ्य जांच भी हुईं, लेकिन अब तक कोई स्पष्ट कारण सामने नहीं आया। उन्हें आज तक कोई गंभीर बीमारी नहीं हुई। उनकी इस विशेष पहचान के चलते जिला प्रशासन उन्हें कई बार सम्मानित भी कर चुका है।

ग्रामीण बोले- बचपन से ऐसी है संतलाल की स्थिति

गांव के महावीर प्रसाद और सुरेश कुमार ने बताया कि यह कोई नई बात नहीं है। बचपन से ही संतलाल के शरीर की प्रतिक्रिया मौसम के विपरीत रही है। उनकी इस अनोखी स्थिति का वैज्ञानिक कारण अब तक स्पष्ट नहीं हो पाया है। हालांकि, संतलाल को देखने और उनके बारे में जानने के लिए दूर-दूर से लोग गांव पहुंचते हैं।

संतलाल को लेकर डॉक्टर ने क्या कहा…

ऐसे मामलों को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए

जनरल फिजिशियन डॉ. सुरेंद्र मित्तल ने बताया कि यदि किसी व्यक्ति को गर्मी के मौसम में भी सामान्य से ज्यादा ठंड महसूस होती है तो इसे सामान्य मानकर नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। यह कई स्वास्थ्य समस्याओं का संकेत हो सकता है। हाइपोथायराइडिज्म (थायराइड की कमी), शरीर में हीमोग्लोबिन कम होना, आयरन या विटामिन B-12 की कमी, ऑटोनोमिक नर्वस सिस्टम में गड़बड़ी और शरीर में फैट कम होना ऐसी स्थितियां हैं, जिनकी वजह से व्यक्ति को अधिक ठंड महसूस हो सकती है।

धूम्रपान करने वालों में ऐसी शिकायत देखी जाती है

डॉ. मित्तल ने आगे कहा कि धूम्रपान करने वालों में भी रक्त संचार प्रभावित होने से हाथ-पैर ठंडे रहने की शिकायत देखी जाती है। अगर किसी व्यक्ति में लंबे समय तक ऐसी समस्या बनी रहती है या इसके साथ अन्य लक्षण भी दिखाई देते हैं, तो उसे डॉक्टर से परामर्श लेकर जरूरी जांच जरूर करानी चाहिए। केवल किसी व्यक्ति के दावे के आधार पर निष्कर्ष नहीं निकाला जा सकता। ऐसी स्थिति की सही वजह मेडिकल जांच के बाद ही पता चल सकती है।