July 11, 2026
11 july 2
  • पहाड़ों में बारिश, हथिनीकुंड बैराज पर जलस्तर बढ़ा, 6 जिलों में बूंदाबांदी की संभावना

हरियाणा ब्रेेकिंग न्यूज : हरियाणा में मानसून की रफ्तार पर अब थोड़ा ब्रेक लगने वाला है। चौधरी चरणसिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय (HAU) हिसार के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के अध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ के मुताबिक, मानसून टर्फ की उत्तरी सीमा इस समय श्री गंगानगर, हिसार, गोरखपुर, पूर्णिया से होते हुए मिजोरम तक बनी हुई है।

यह रेखा अब धीरे-धीरे हिमालय की तलहटियों की तरफ बढ़ रही है। इस बड़े मौसमी बदलाव के कारण हरियाणा में 11 जुलाई के बाद मानसून की गतिविधियों में कमी आने की संभावना है। मौसम विभाग (IMD) ने आज उत्तरी जिलों पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, कैथल और करनाल में कई स्थानों पर तेज हवाओं और गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की उम्मीद है।

इसके अलावा कुछ ही स्थानों पर छिटपुट बूंदाबांदी हो सकती है। वहीं, लगातार पहाड़ों पर हो रही बारिश से यमुना के जलस्तर में भी बढ़ोतरी हुई है। हथिनीकुंड बैराज पर जलस्तर 50 हजार क्यूसेक पहुंच गया।

पंचकूला में नदियां उफान पर: धारा 163 लागू

हिमाचल के पहाड़ों और पंचकूला में भारी बारिश से घग्गर, कौशल्या व टांगरी नदियां रौद्र रूप में हैं। संभावित बाढ़ के खतरे को देखते हुए डीसीपी सृष्टि गुप्ता ने पूरे जिले में बीएनएसएस की धारा 163 लागू कर 28 अगस्त 2026 तक नदी-नालों के किनारे जाने पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया है। उल्लंघन करने वालों पर बीएनएस की धारा 223 के तहत सख्त केस दर्ज होगा।

तापमान बढ़ेगा, नमी से उमस बढ़ेगी

मानसून की गतिविधियों में आ रही कमी और हवाओं के रुख में बदलाव के कारण अब वातावरण में नमी धीरे-धीरे कम होने लगेगी। इसके असर से दिन के अधिकतम तापमान में हल्की बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी, जिससे लोगों को उमस व गर्मी का सामना करना पड़ सकता है। हालांकि, रात का तापमान अभी सामान्य के आसपास ही बना रहेगा।

दिन का पारा 2.4 डिग्री तक बढ़ा

 हरियाणा में बीते 24 घंटों के दौरान अधिकतम तापमान में औसतन 2.4 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई, हालांकि यह सामान्य से करीब 2.4 डिग्री सेल्सियस नीचे बना हुआ है। प्रदेश में सबसे ज्यादा अधिकतम तापमान सिरसा में 38.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

इसके अलावा हिसार में पारा 37.5 डिग्री सेल्सियस, भिवानी में 35.5 डिग्री सेल्सियस, रोहतक में 34.7 डिग्री सेल्सियस, करनाल में 29.5 डिग्री सेल्सियस और अंबाला में 31.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

यमुनानगर में रात का पारा सबसे कम

रात और सुबह के तापमान की बात करें तो हरियाणा के न्यूनतम तापमान में मामूली 0.2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट देखी गई, जो सामान्य से 2 डिग्री सेल्सियस कम है। राज्य में सबसे कम न्यूनतम तापमान यमुनानगर के हथनीकुंड बैराज पर 23 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।

अंबाला में 23.4 डिग्री सेल्सियस, करनाल में 23.4 डिग्री सेल्सियस, रोहतक में 26.8 डिग्री सेल्सियस और हिसार में 26.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बीते दिनों हुई भारी बारिश के चलते रातें अभी भी ठंडी बनी हुई हैं।