July 8, 2026
8 july 7
  • स्वास्थ्य विभाग अलर्ट, घर-घर चल रहा एंटी लार्वा अभियान, 10 लोगों को नोटिस

हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : फरीदाबाद जिला में डेंगू और मलेरिया के मामले सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह सतर्क हो गया है। अब तक जिले में डेंगू के 3 और मलेरिया के 2 मरीज मिलने की पुष्टि हुई है। हालांकि स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि सभी मरीजों की हालत सामान्य है और उनका इलाज किया जा चुका है।

बरसात के मौसम को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने जिलेभर में विशेष एंटी-लार्वा अभियान शुरू किया है। स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर कूलर, पानी की टंकियों, गमलों, कबाड़ और अन्य स्थानों पर जमा पानी की जांच कर रही हैं, ताकि मच्छरों के लार्वा को समय रहते नष्ट किया जा सके और बीमारी के फैलाव पर रोक लगाई जा सके।

अलग-अलग मच्छरों से फैलता है

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार डेंगू एडीज (Aedes) मच्छर के काटने से फैलता है, जबकि मलेरिया ऐनोफिलीज (Anopheles) मच्छर के जरिए होता है। अभियान के दौरान कई इलाकों में लार्वा मिलने पर 10 लोगों को नोटिस भी जारी किए गए हैं। विभाग ने चेतावनी दी है कि यदि लोग अपने घरों और आसपास साफ-सफाई नहीं रखेंगे, तो नियमानुसार कार्रवाई भी की जा सकती है।

सभी मरीज पूरी तरह ठीक

डिप्टी सिविल सर्जन डॉ राम भगत ने बताया कि, सभी मरीज स्वस्थ हैं। उन्होंने लोगों से अपील की, कि कूलर का पानी हर सप्ताह बदलें, घर और छत पर बारिश का पानी जमा न होने दें, पानी की टंकियों को ढककर रखें और मच्छरों से बचाव के लिए आवश्यक सावधानियां अपनाएं।

स्वास्थ्य विभाग ने लोगों को सलाह दी है कि यदि तेज बुखार, शरीर में दर्द, सिरदर्द या अन्य संदिग्ध लक्षण दिखाई दें, तो बिना देरी किए नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में जाकर रक्त जांच कराएं। विभाग का मानना है कि समय पर जांच, जागरूकता और बचाव के उपाय अपनाकर डेंगू और मलेरिया जैसी बीमारियों पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सकता है।